इनोवेशन ; इतिहास को याद करने की टेंशन खत्म, मेरठ के शिक्षक ने निकाला अनोखा तरीका
मेरठ केंद्रीय विद्यालय के हिस्ट्री टीचर निरुपम गुप्ता ने छात्रों की मदद से इतिहास के अध्यायों को कॉमिक्स में बदला. अब डिजिटल करने की तैयारी.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 9, 2026 at 8:18 AM IST
|Updated : January 9, 2026 at 10:24 AM IST
रिपोर्ट: श्रीपाल तेवतिया
मेरठ : शिक्षा में नवाचार से इतिहास के बोरिंग विषय को मेरठ केंद्रीय विद्यालय के शिक्षक निरुपम गुप्ता ने छात्रों के सहयोग से बेहद ही सरल बना दिया है. निरुपम गुप्ता का दावा है कि अब बच्चे बिना डरे सरलता से इतिहास को पढ़ेंगे और याद भी रख सकेंगे. वहीं छात्रों का भी कहना है कि उन्हें अनोखे अंदाज में इतिहास पढ़ना काफी भा रहा है और याद करने में सहूलियत हो रही है. पढ़ें ईटीवी भारत की खास खबर...
अक्सर देखा जाता है कि इतिहास का जिक्र होते ही छात्रों का मन विचलित हो जाता है. मोटी मोटी किताबें, इतिहास के ढेरों किरदार और अध्याय का ख्याल आते ही छात्र इस विषय से पीछा छुड़ाना चाहते हैं, लेकिन अब ऐसा नहीं रहेगा. मेरठ पंजाब लाइन स्थित केंद्रीय विद्यालय के अध्यापक निरुपम गुप्ता ने अपने नवाचार से इतिहास विषय को बेहद सरल और रोमांटिक बना दिया है. निरुपम ने इतिहास के अध्यायों और किरदारों को काॅमिक्स के रूप में पिरो दिया है. अब छात्र इतिहास को सरलतापूर्वक पढ़ रहे हैं.


ईटीवी भारत से बातचीत में अनुपम गुप्ता के अनुसार सामान्य धारणा है कि इतिहास एक नीरस विषय है. इसी धारणा को तोड़ने के लिए केंद्रीय विद्यालय के कुछ छात्रों को विश्वास में लेकर NCERT की कक्षा 11 और 12वीं में पढ़ाए जाने वाली इतिहास की किताबों को कॉमिक्स में परिवर्तित करने की योजना बनाई. इसमें छात्रों ने बढ़-चढ़ कर उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. 11वीं में 7 और कक्षा 12 में 12 चैप्टर हैं. इन सभी चैप्टर के कॉमिक्स छात्रों के ही सहयोग से तैयार कराए गए हैं. छात्रों ने ने ही इतिहास की घटनाओं का वर्णन करने के साथ ही चित्रण भी खुद किया है.

अनुपम गुप्ता बताते हैं कि छात्रों ने मेसोपोटामिया सिविलाइजेशन (The Mesopotamian Civilization) की किताब में अध्ययन के आधार पर अपने कल्पनाशक्ति से कलाकृतियां (Artifacts) भी बनाई हैं. इसी प्रकार विजयनगर साम्राज्य (Vijay Nagar Empire) को समझाने के लिए टाइम मशीन की कलाकृति के माध्यम से घटनाओं का सिलसिलेवार ढंग से कॉमिक्स में वर्णन किया गया है. कॉमिक्स के रूप में इतिहास पढ़ने में छात्रों को खूब मजा आ रहा है और याद करने में सहूलियत हो रही है. अब AI की मदद से इतिहास के साथ-साथ अन्य विषयों के पाठ्यक्रम को सरल बनाने पर काम किया जाएगा.


शिक्षक निरुपम गुप्ता कहते हैं कि अब इतिहास की पुस्तकों के तमाम पाठ्यक्रम को डिजिटल फॉर्म (Digital) में लाने की कोशिश की जा रही है. निश्चित यह प्रयास यूपीएससी समेत प्रतियोगी परिक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए काफी उपयोगी साबित होगा. केंद्रीय विद्यालय में पढ़ने वाले 12वीं कक्षा के छात्र आलिग यादव ने बताया कि उन्होंने अपने टीचर के मार्गदर्शन के बाद इतिहास के एक चैप्टर की पूरी थीम और उससे जुड़ी हर आवश्यक जानकारी कॉमिक्स में लिखी है. इसके बाद से यह विषय बेहद आसान लगने लगा है. अब इतिहास के तमाम चैप्टर आसानी से याद हो रहे हैं.

