शर्मनाक; मेरठ में तरावीह के 'लड्डू' के लिए मस्जिद के अंदर चले लात-घूंसे, वीडियो वायरल
लोहियानगर थाना क्षेत्र में हापुड़ रोड स्थित चमड़ा पैठ मस्जिद की बताई जा रही घटना.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 25, 2026 at 12:10 PM IST
मेरठ : लोहियानगर थाना क्षेत्र के हापुड़ रोड स्थित चमड़ा पैठ मस्जिद से शर्मसार करने वाली तस्वीर सामने आई है. मस्जिद में सोमवार रात तरावीह की नमाज के बाद मिठाई (लड्डू) वितरण के दौरान कुछ लोग आपस में भिड़ गए. हालात इतने बिगड़े की लात-घूंसों और बेल्ट से एक दूसरे पर टूट पड़े. घटना का वीडियो रिकार्ड कर किसी ने सोशल मीडिया में वायरल कर दिया. इसके बाद पुलिस सक्रिय हो गई है.
बताया जा रही कि लोहियानगर थाना क्षेत्र के हापुड़ रोड स्थित चमड़ा पैठ मस्जिद में सोमवार रात कुरान शरीफ मुकम्मल होने की खुशी में लड्डु बांटे जा रहे थे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लड्डू बांटने के दौरान किसी बात को लेकर दो युवकों में कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि कई लोग एक-दूसरे से भिड़ गए और मारपीट होने लगी. जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया. विवाद के दौरान लोग लात-घूसों के साथ एक-दूसरे पर बेल्ट से हमला करने लगे. हंगामे के बीच एक मासूम भीड़ में फंस गया और चीखने लगा. जिसे किसी ने सुरक्षित बाहर निकाला.
लोहियानगर थाना प्रभारी नेत्रपाल सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया और कुछ लोगों के माध्यम से मस्जिद में मारपीट का मामला संज्ञान में आया है. सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया में वायरल वीडियो भी प्राप्त हुआ है. फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है. जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

