मेरठ में हत्या-अपहरण केस; गिरफ्तार युवक से पूछताछ जारी, सांसद चंद्रशेखर को धरने से उठाया
एसएसपी डॉ. विपिन ताड़ा ने भी कहा कि माहौल खराब नहीं होने देंगे. पुलिस गंभीरता से अपना काम कर रही है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 11, 2026 at 7:19 AM IST
|Updated : January 11, 2026 at 1:44 PM IST
मेरठ: सरधना थाना क्षेत्र के कपसाड़ गांव में दलित महिला की हत्या और उसकी बेटी को किडनैप करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. किडनैप की गई युवती को भी सकुशल बरामद कर लिया गया है. आज इस मामले में पुलिस खुलासा कर सकती है. दूसरी तरफ आजाद समाज पार्टी के प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर आजाद इस मामले में टोल प्लाजा पर ही धरना देने लगे. देर रात उन्हें पुलिस ने जबरन धरनास्थल से उठाया.
मेरठ के सरधना थाना क्षेत्र के कपसाड़ गांव में गुरुवार को दलित महिला सुनीता की हत्या कर दी गई थी. उसकी बेटी रूबी को अगवा कर लिया गया था. आरोप गांव के ही युवक पारस राजपूत पर लगा है. इस मामले ने प्रदेश की राजनीति गर्म कर दी और विपक्षी दलों ने योगी सरकार पर हमले शुरू कर दिए. कांग्रेस, सपा और आजाद समाज पार्टी के नेताओं ने गांव पहुंचकर बेटी के लिए न्याय मांगना शुरू कर दिया. इससे तनाव बढ़ गया और गांव में पुलिस बल तैनात करना पड़ा.
आरोपी युवक और अगवा युवती बरामद: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन ताड़ा ने इस केस को क्रैक करने के लिए पुलिस की 10 टीमें बनाईं. शनिवार को हत्यारोपी पारस और अगवा युवती रूबी को सहारनपुर से बरामद कर लिया गया है. पुलिस अधिकारियों का दावा है कि दोनों से पूछताछ की जा रही है.
पुलिस की मानें तो पारस दो दिनों से युवती के साथ सहारनपुर जिले में अपने एक रिश्तेदार के यहां छिपा था. दोनों को उत्तराखंड के रुड़की स्टेशन से पुलिस ने बरामद किया है. कपसाड़ गांव में इस बात की भी चर्चा है कि दोनों के पहले से ही प्रेम-संबंध हैं. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन ताड़ा ने भी यह बात कही थी कि युवक-युवती पहले से एक-दूसरे से परिचित हैं. अब पुलिस हत्या और अपहरण की गुत्थी सुलझाने में लगी है.
पहले भी हुआ टकराव: गांव के कुछ लोगों का कहना है कि पहले भी युवक और युवती के संबंध परिजनों के सामने आए थे. तब टकराव की स्थिति भी बनी लेकिन परिवारों ने दोनों को समझाया था. मृतक सुनीता के बेटे नरसी और पति सुनील ने बयान भी दिया कि परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है. रूबी की शादी के लिए प्रयास किए जा रहे थे, लेकिन उन्हें नहीं मालूम था कि उनके घर में ऐसी घटना हो जाएगी.
सांसद चंद्रशेखर को धरने से उठाया: मेरठ के काशी टोल प्लाजा पर उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया, जब आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद धरने पर बैठ गए. कपसाड कांड के पीड़ित परिवार से मिलने की मांग को लेकर समर्थकों के साथ टोल पर पहुंचे और वहीं धरना देने लगे.
हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने मौके पर मौजूद आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी कार्यकर्ताओं को खदेड़ दिया. चंद्रशेखर आजाद को जबरन हिरासत में लेने की कोशिश की गई. चंद्रशेखर ने प्रशासन पर पीड़ित परिवार को न्याय न दिलाने का आरोप लगाया. एसएसपी डॉ. विपिन ताड़ा ने भी दो टूक कहा कि माहौल खराब नहीं होने देंगे. चाहे वह कोई भी हो. पुलिस गंभीरता से अपना काम कर रही है.

भीम वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को रोका: भीम वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट मदनपाल सिंह गौतम कपसाड़ में पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे थे. पुलिस ने रास्ते में उनको रोक दिया. उन्होंने बहुत कोशिश की लेकिन उन्हें घटनास्थल तक नहीं जाने दिया गया.
भीम वाहिनी अध्यक्ष ने कहा कि हम पीड़ित परिवार को 25 करोड़ रुपए की आर्थिक मदद, 25 बीघे जमीन का पट्टा और सरकारी नौकरी की मांग करते हैं. साथ ही सभी दोषियों को दो महीने में फांसी की सजा की भी मांग की है. पुलिस के समझाने पर कार्यकर्ताओं के साथ वापस लौट गए.
यह भी पढ़ें: मेरठ हत्या-अपहरण कांड: तनावपूर्ण माहौल के बीच आरोपी युवक गिरफ्तार और युवती भी बरामद
यह भी पढ़ें: दबंगई: मां की हत्या कर बेटी को जबरन उठा ले गया दबंग, मेरठ में भारी तनाव

