जीत के बाद मीनाक्षी का बड़ा बयान, बोलीं- "विनेश को हराना मेरे करियर की सबसे बड़ी जीत"
विनेश फोगाट को हराने वाली पहलवान मीनाक्षी गोयत ने जीत को करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि बताया.

Published : June 1, 2026 at 12:56 PM IST
जींद: ओलंपियन विनेश फोगाट को हराकर सुर्खियों में आईं पहलवान मीनाक्षी गोयत ने अपनी इस उपलब्धि को करियर की सबसे बड़ी जीत बताया है. उन्होंने कहा कि, " इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्होंने लंबे समय से लगातार मेहनत की है और उसी का परिणाम उन्हें अब देखने को मिला है."
जीत के पीछे मेहनत और आत्मविश्वास की ताकत: मीनाक्षी गोयत ने आगे कहा कि, "यह मेरे करियर की सबसे बड़ी जीत है. इसके लिए मैंने बहुत मेहनत की है. मैं शुरू से ही लगातार अभ्यास कर रही हूं. बिना विश्वास के कुछ भी संभव नहीं है. मुझे खुद पर भरोसा था और उसी विश्वास के दम पर मैं यह मुकाबला जीत सकी." उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय परिवार और कोच को देते हुए कहा कि उनके सहयोग के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी.
आखिरी सांस तक लड़ने की बनाई थी रणनीति: विनेश फोगाट के खिलाफ मुकाबले की रणनीति पर मीनाक्षी ने कहा कि, "मैंने सिर्फ यही सोचा था कि घबराना नहीं है और आखिरी सांस तक लड़ना है. मुकाबले में धैर्य और आत्मविश्वास बनाए रखना सबसे जरूरी था. बड़े खिलाड़ियों के खिलाफ जीत हासिल करने के लिए मानसिक मजबूती भी उतनी ही जरूरी होती है जितनी शारीरिक तैयारी."
विनेश से बहुत कुछ सीखने को मिला: ओलंपियन विनेश फोगाट के साथ खेलने के अनुभव को साझा करते हुए मीनाक्षी ने कहा कि, "विनेश बहुत अच्छी पहलवान हैं. उनसे कई चीजें सीखने को मिली हैं. कई बार हम अपनी गलतियों को संभाल लेते हैं, लेकिन उनके सामने छोटी गलती भी भारी पड़ सकती है. मैच के बाद मेरी विनेश से कोई विशेष बातचीत नहीं हुई."
अब वर्ल्ड चैंपियनशिप और ओलंपिक पर नजर: अपने आगामी लक्ष्यों के बारे में मीनाक्षी ने कहा कि, "अब मेरा लक्ष्य वर्ल्ड चैंपियनशिप में बेहतर प्रदर्शन करना है. इसके साथ ही मैं ओलंपिक खेलों की तैयारी पर भी पूरा ध्यान दे रही हूं. मेरी युवा खिलाड़ियों से अपील है कि लगातार मेहनत करो और खुद पर विश्वास रखो. यदि मेहनत और भरोसा है तो किसी भी खिलाड़ी को हराया जा सकता है."
ये भी पढ़ें: मां को कैंसर, पैर में चोट, 6 महीने बिस्तर पर रहीं, अब विनेश फोगाट को हराकर चर्चा में मीनाक्षी गोयत

