रतलाम में ढ़ाई करोड़ रुपए की MD ड्रग्स पकड़ाई, पुलिस की घेराबंदी पर कार छोड़कर भागे आरोपी
कालूखेड़ा थाना क्षेत्र की घटना, मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी काले रंग की क्रेटा कार को रोका था. संवाददाता दिव्यराज सिंह की रिपोर्ट.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : August 25, 2026 at 5:43 PM IST
रतलाम: रतलाम में पुलिस ने नशे के कारोबार पर एक बार फिर बड़ा प्रहार किया है. कालूखेड़ा थाना पुलिस ने बड़ी मात्रा में कार से ले जाई जा रही एमडी ड्रग्स की खेप पकड़ी है. मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी काले रंग की क्रेटा कार को रोका था. जिसमें बैठे तस्कर मौके से फरार हो गए.
पुलिस ने 2 किलो 495 ग्राम एमडी ड्रग जब्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत ढ़ाई करोड़ रुपये है. पुलिस ने मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
एमडी ड्रग्स तस्करी का नया ठिकाना बना रतलाम
गौरतलब है कि 7 महीने पहले ही कालूखेड़ा थाना क्षेत्र के चिकलाना गांव से रतलाम पुलिस ने एमडी ड्रग्स बनाने की फैक्ट्री पकड़ी थी. जहां से भारी मात्रा में एमडी ड्रग्स और उसे बनाने में उपयोग होने वाले केमिकल जब्त किए गए थे. इस दौरान पुलिस ने करीब 14 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त किए थे. जिसमें कुल 16 आरोपी भी गिरफ्तार हुए थे. इसके बाद एक बार फिर कालूखेड़ा थाना पुलिस ने एमडी ड्रग्स के नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए कार से करीब ढाई किलो एमडी ड्रग्स बरामद किया है.
- राजस्थान से एमडी लाकर मध्य प्रदेश को बना रहा था नशे की मंडी, ड्रग्स के सुपर कॉरिडोर का खुलासा
- मंदसौर में फार्म हाउस में MD ड्रग्स बनाने का काला कारोबार, छापा पड़ते ही पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग
ड्रग तस्करी नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश में जुटी पुलिस
एडिशनल एसपी विवेक कुमार ने बताया "कालूखेड़ा थाना क्षेत्र राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले से लगा हुआ है. जहां से ड्रग तस्कर रतलाम होते हुए गुजरात और महाराष्ट्र के बड़े शहरों में नशीले पदार्थों की डिलीवरी करते हैं. कालूखेड़ा थाना पुलिस को 24 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी. जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर काले रंग की क्रेटा कार को रोका था. कार में सवार आरोपी मौके से भाग गए. पुलिस ने वहां से 2 किलो 495 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की है. पुलिस इस ड्रग तस्करी नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश में जुटी हुई है."
बहरहाल पुलिस इस ड्रग्स के सोर्स और सप्लाई चैन नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है. वहीं इस मामले में आगे और बड़े खुलासे होने की संभावना है. वहीं, रतलाम पुलिस एमडी ड्रग तस्करी के मामले में यह इस साल की तीसरी बड़ी कार्यवाही है.

