MCB जिले में एल्डरमैन नियुक्ति को लेकर नाराजगी, कार्यक्रम के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं ने लगाए जिलाध्यक्ष के खिलाफ नारे
सोशल मीडिया पर चल रहा असंतोष खुलकर आया सामने, पखवाड़ा कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने की नारेबाजी

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : July 5, 2026 at 6:45 PM IST
मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर: जिले के नगरीय निकायों में एल्डरमैन की नियुक्ति को लेकर अंतोष है. पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया पर चल रही भाजपा कार्यकर्ताओं की नाराजगी शनिवार को खुलकर सामने आ गई. खोंगापानी के सांस्कृतिक भवन में आयोजित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मरण पखवाड़ा कार्यक्रम के दौरान भाजपा के भीतर की गुटबाजी और असंतोष सार्वजनिक रूप से दिखाई दिया. कार्यक्रम स्थल के बाहर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की.

जिला अध्यक्ष और प्रदेश प्रवक्ता के सामने नारेबाजी
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक भवन के अंदर भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता शताब्दी पांडे और भाजपा जिलाध्यक्ष चंपा देवी पावले पार्टी के कार्यक्रम में मौजूद थीं, वहीं भवन के बाहर भाजपा हसदेव मंडल के कार्यकर्ता 'तानाशाही नहीं चलेगी', 'गुंडागर्दी नहीं चलेगी' जैसे नारे लगाते हुए विरोध प्रदर्शन कर रहे थे. कार्यकर्ताओं का आरोप था कि एल्डरमैन की नियुक्ति में पार्टी के समर्पित और वर्षों से कार्य कर रहे पुराने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की गई है, जबकि कांग्रेस छोड़कर हाल ही में भाजपा में शामिल हुए लोगों को प्राथमिकता दी गई है. साथ ही कुछ पुराने चेहरों को दोबारा एल्डरमैन बनाए जाने पर भी कार्यकर्ताओं ने सवाल उठाए.

अनदेखी का आरोप
विरोध प्रदर्शन में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष धीरेन्द्र विश्वकर्मा, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष विनोद गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे. कार्यकर्ताओं ने कहा कि पार्टी के लिए लंबे समय से काम करने वाले कार्यकर्ताओं की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिससे संगठन में असंतोष बढ़ता जा रहा है. उन्होंने कहा कि यदि इसी तरह समर्पित कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज किया गया तो संगठन पर इसका नकारात्मक असर पड़ सकता है.
भाजपा को मजबूत बनाने में वर्षों तक मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मान और अवसर मिलने चाहिए. पार्टी में हाल ही में कांग्रेस से आए लोगों को अधिक महत्व दिया जा रहा है, जबकि पुराने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की जा रही है- विनोद गुप्ता, पूर्व मंडल अध्यक्ष
विपक्ष की साजिश?
वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष चंपा देवी पावले ने कार्यकर्ताओं की नाराजगी को विपक्ष की साजिश करार दिया. उन्होंने कहा कि किसी भी चुनाव या नियुक्ति प्रक्रिया में कई दावेदार होते हैं, लेकिन जिम्मेदारी किसी एक व्यक्ति को ही मिलती है. पार्टी ने सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद ही एल्डरमैन की नियुक्तियां की हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा एक परिवार है और सभी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाता है. संगठन में किसी प्रकार का मतभेद नहीं है और कुछ लोग माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं.

