एमबीपीजी कॉलेज में छत पर चढ़े छात्र, जमकर हुआ हाईवोल्टेज ड्रामा, जानिए वजह
छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपने भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : September 2, 2026 at 8:48 PM IST
हल्द्वानी: एमबीपीजी कॉलेज में कुमाऊं विश्वविद्यालय के परीक्षा परिणाम में देरी को लेकर बुधवार को जमकर हंगामा हुआ. नाराज कई छात्र कॉलेज की छत पर चढ़ गए. इस दौरान दो छात्रों ने खुद पर पेट्रोल डाल लिया. छात्रों के इस कदम से कॉलेज प्रशासन और पुलिस के हाथ-पांव फूल गए. दोनों छात्रों की हालत बिगड़ने पर उन्हें छत से उतारकर अस्पताल पहुंचाया गया. हंगामे के बीच विश्वविद्यालय ने स्नातक द्वितीय और चतुर्थ सेमेस्टर का रिजल्ट जारी कर दिया.
कुमाऊं विश्वविद्यालय के परीक्षा परिणाम में देरी ने हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज में बुधवार को ऐसा बवाल खड़ा कर दिया, जिसने छात्रों की नाराजगी को गंभीर मोड़ दे दिया. लंबे समय से रिजल्ट का इंतजार कर रहे छात्रों का गुस्सा उस वक्त फूट पड़ा, जब कई विद्यार्थियों के सामने आगे की पढ़ाई और प्रवेश का संकट खड़ा हो गया. आक्रोशित छात्र कॉलेज की छत पर पहुंच गए. इसी दौरान मुकेश पाण्डेय और मेहुल साह पेट्रोल लेकर छत पर चढ़ गए.
दोनों छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपने भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया. देखते ही देखते दोनों छात्रों ने खुद पर पेट्रोल डाल लिया. जिससे कॉलेज प्रशासन में हड़कंप मच गया. प्राचार्य प्रोफेसर एनएस बनकोटी और अन्य शिक्षकों ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे छत से नीचे उतरने को तैयार नहीं हुए. पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया. बाद में बेहोश हुए छात्र मुकेश पाण्डेय को छत से उतारकर अस्पताल पहुंचाया गया. मेहुल साह की हालत भी बिगड़ गई. जिसके बाद उसे भी अस्पताल ले जाया गया.
पुलिस ने छत पर मौजूद अन्य छात्रों को भी नीचे उतारा. छात्राओं को महिला पुलिसकर्मियों की मदद से नीचे लाया गया. इस दौरान छात्रों और पुलिस के बीच नोकझोंक भी हुई. छात्रों की मुख्य शिकायत परीक्षा परिणाम में देरी को लेकर थी. उनका कहना था कि रिजल्ट नहीं आने के कारण कई विद्यार्थी स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में आवेदन नहीं कर पा रहे थे. चार सितंबर आवेदन की अंतिम तिथि बताई गई थी. कई विषयों में सीटें भी भर चुकी थीं. हालांकि, कॉलेज में हंगामे के बीच कुमाऊं विश्वविद्यालय ने स्नातक द्वितीय और चतुर्थ सेमेस्टर का परिणाम जारी कर दिया. साथ ही स्नातकोत्तर द्वितीय सेमेस्टर के कुछ विषयों के परिणाम भी घोषित किए गए.
पढे़ं- MBPG कॉलेज में हंगामा, पेट्रोल बोतल लेकर छत पर चढ़े छात्र नेता, पुलिस के फूले हाथ-पांव

