ETV Bharat / state

मेडिकल कॉलेज में MBBS छात्र के साथ रैगिंग, सीनियर्स पर मारपीट का आरोप, जांच के लिए कमेटी गठित

देहरादून के दून मेडिकल कॉलेज में एक छात्र को रैगिंग और मारपीट का शिकार होना पड़ा. आरोप दो सीनियर छात्रों पर लगा है.

DOON MEDICAL COLLEGE
मेडिकल कॉलेज में MBBS छात्र के साथ रैगिंग (PHOTO- ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : January 18, 2026 at 12:16 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

देहरादून: राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में रैगिंग और मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस का कोर्स कर रहे 2025 बैच के छात्र की पिटाई की गई है. पिटाई करने वाला छात्र भी उसी बैच का है. आरोप है कि छात्र ने सीनियर्स के कहने पर पिटाई की. मामले को कॉलेज प्रशासन ने एंटी रैगिंग कमेटी को सौंप दिया है.

देहरादून के पटेल नगर क्षेत्र स्थित राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में सीनियर छात्रों द्वारा जूनियर छात्रों के साथ रैगिंग और मारपीट के मामले में पैथोलॉजी लैब की हेड गजाला रिजवी की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया गया है. उनकी निगरानी में पूरे मामले की जांच चल रही है. अपने साथ हुई मार पिटाई का शिकायती पत्र देने वाले छात्र का मेडिकल कराया गया है.

जानकारी के मुताबिक, बेल्ट से पिटाई करने वाला छात्र भी पीड़ित छात्र के बैच का है. आरोप है कि छात्र ने 2023 और 2024 बैच के दो सीनियर छात्रों के दबाव में पीड़ित छात्र की पिटाई की. फिलहाल, कॉलेज प्रशासन ने दोनों सीनियर छात्रों के अभिभावकों को तलब किया है. लेकिन उन्होंने सामने आने से मना कर दिया है.

ये मामला तब सामने आया जब दून मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस का कोर्स कर रहे एक छात्र ने हॉस्टल में अपने साथ सीनियर छात्रों की ओर से गलत व्यवहार किए जाने को लेकर शिकायती पत्र दिया. शिकायत मिलने के बाद हॉस्टल प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया. मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने छात्र की शिकायत पर तुरंत जरूरी कार्रवाई के लिए बॉयज हॉस्टल और मेडिकल कॉलेज प्राचार्य को भेज दिया है. कॉलेज की प्राचार्य डॉ. गीता जैन ने पूरे मामले को एंटी रैगिंग कमेटी को सौंप दिया है.

हालांकि, कमेटी में शामिल सदस्य डॉक्टर राजीव कुशवाहा से संपर्क करने की कोशिश की तो उन्होंने फोन नहीं उठाया. फिलहाल कॉलेज प्रशासन ने इस मामले को पूरी गंभीरता से लिया है. एंटी रैगिंग कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद ही कॉलेज प्रशासन कोई कदम उठाएगा.

इस घटना की जांच के लिए एंटी-रैगिंग कमेटी गठित की गई है. कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद दोषी छात्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी. कॉलेज की अनुशासन समिति ने छात्रों के बयान दर्ज कर लिए हैं. -डॉ. गीता जैन, प्राचार्य, दून मेडिकल कॉलेज

ये भी पढ़ें: