सीएम योगी की मां पर टिप्पणी को लेकर भड़का यूपी में गुस्सा; प्रदेश भर में प्रदर्शन
वाराणसी में त्रिशक्ति सेवा फाउंडेशन और हिंदू युवा वाहिनी के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हुए शामिल.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : March 8, 2026 at 9:07 PM IST
सीतापुर/वाराणसी/रायबरेली: बिहार में आयोजित धार्मिक सभा में मौलाना अब्दुल सलीम द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां पर की गई अभद्र टिप्पणी से यूपी में उबाल आ गया है. प्रदेश भर में हिंदूवादी संगठनों में इसको लेकर आक्रोश देखा जा रहा है, रविवार को सीतापुर की सड़कों पर हिंदू सुरक्षा सेवा संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनूप खेतान की अगुवाई में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने मौलाना का पुतला फूंककर जमकर नारेबाजी की. साथ ही कड़ी कार्रवाई की मांग की.
जोरदार प्रदर्शन: महंत राजू दास की अगुवाई में हिंदू सेवा सुरक्षा संघ उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अनूप खेतान ने संगठनों के साथ जोरदार प्रदर्शन किया. शहर के मुख्य बाजार से लालबाग चौराहे तक पैदल मार्च कर मौलाना का पुतला फूंका. अनुप खेतन ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर हुई टिप्पणी निंदनीय है. उन्होंने कहा कि मौलाना पर कड़ी कार्रवाई न होने तक संगठन प्रदेश के विभिन्न जिलों में लगातार कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन करता रहेगा.
आपको बता दें कि मौलाना उत्तर प्रदेश में गौहत्या के खिलाफ बने सख्त कानूनों की आलोचना की थी. उन्होंने गाय को 'मां' मानने की हिंदू परंपरा का मजाक उड़ाया और सीएम योगी की मां का जिक्र करते हुए आपत्तिजनक बात कही. मौलाना ने यह भी कहा, यूपी में अगर किसी के पास गाय का मांस मिल जाए, तो पुलिस पैर में गोली मार देती है.
वाराणसी में भी प्रदर्शन: वहीं, वाराणसी में त्रिशक्ति सेवा फाउंडेशन और हिंदू युवा वाहिनी के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए. इस दौरान हिंदू युवा वाहिनी के मंडल प्रभारी एवं वाराणसी विकास प्राधिकरण के मानद सदस्य अंबरीश सिंह भोला ने मौलाना की टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए कहा, किसी भी जनप्रतिनिधि या उनके परिवार के बारे में इस तरह की आपत्तिजनक टिप्पणी समाज में वैमनस्य फैलाने वाली है. इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता.
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की माता को लेकर की गई अभद्र टिप्पणी निंदनीय है और इससे प्रदेश की जनता की भावनाएं आहत हुई है. प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मौलाना अब्दुल्ला सलीम के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने और उनकी नागरिकता रद्द करने की मांग भी की.
अभद्र टिप्पणी स्वीकार नहीं की जाएगी: रायबरेली में सदर विधायक अदिति सिंह ने रविवार को अब्दुल सलीम को लेकर कहा, योगी जी की माता के लिए की गई यह अभद्र टिप्पणी किसी भी रूप में स्वीकार नहीं की जाएगी. अभद्र भाषा के विरोध में आज हमने प्रदर्शन किया है और प्रशासन से मांग कि है कि उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएं.
यह भी पढ़ें: बरेली में मौलाना के पीछे नमाज न पढ़ने पर जानलेवा हमला, 54 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज
यह भी पढ़ें: मोहन भागवत के 'हिंदू 3 बच्चे पैदा करें, घर वापसी जरूरी, पर मौलाना शहाबुद्दीन बोले- यह कानूनन अपराध

