मैट्रिक परीक्षा छूटी तो छात्रा ने दी जान, देर से पहुंचने पर नहीं मिली थी एंट्री
पटना में मैट्रिक की छात्रा ने आत्महत्या कर ली. देर से पहुंचने के कारण सेंटर में एंट्री नहीं मिली थी, जिससे परीक्षा छूट गयी थी.

Published : February 18, 2026 at 8:33 AM IST
पटना: बिहार के पटना में मैट्रिक परीक्षा से वंचित छात्रा ने अपनी जान दे दी. घटना जिले के मसौढ़ी थाना क्षेत्र के महाराजचक गांव की है. छात्रा का शव रेलवे ट्रैक के बगल में मिला है. मृतक पहचान कोमल कुमारी पिता मंटू यादव खरजमा के रूप में हुई है.
तनाव में थी छात्रा: मृतक के परिजनों ने बताया कि छात्रा मंगलवार को मैट्रिक की परीक्षा देने बरनी स्थित परीक्षा केंद्र पर गई हुई थी. लेट से पहुंचने पर परीक्षा केंद्र पर एंट्री नहीं करने दी गयी. कई बार विनती के बावजूद परीक्षा सेंटर में प्रवेश नहीं मिला, इसके बाद वह घर आ गयी. घर आने के बाद काफी तनाव में थी.
देर शाम मिला शव: परिजनों के अनुसार कपड़ा बदल कर घर से निकली थी. काफी देर तक घर नहीं आयी. शाम को खबर मिली कि एक लड़की का डेड बॉडी मिला है. पहचान की गयी तो कोमल कुमारी थी. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी.
बिहार के बाहर रहते है माता-पिता: बरहाल मृतक कोमल कुमारी के पिता मां बाहर मजदूरी करते हैं. देर शाम के तकरीबन 9:00 बजे उसकी नानी महाराजचक में रहती है, उनको किसी तरह से जानकारी मिली और पहचान हुई.
"मैट्रिक की परीक्षा देने के लिए धनरूआ के बरनी हाईस्कूल परीक्षा केंद्र पर गई थी लेकिन 9:07 में पहुंची तो गेट बंद हो चुका था गेट नहीं खोला वह टेंशन में थी घर आई, कपड़ा बदली और बाजार चली गई. शाम को खबर मिली कि ट्रेन से कट गई है" -सुनीता कुमारी, मृतक के परीजन
छानबीन में जुटी पुलिस: बहरहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है. इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना पर पहुंची पुलिस छात्रा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. परिजनों के बयान के मुताबिक घटना की जांच की जाएगी.
"एक युवती का शव बरामद किया गया है, जिसकी पहचान कोमल कुमारी के रूप में हुई है. खरजमा गांव की रहने वाली थी. पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. आगे की जांच की जा रही है." -विवेक भारती, थानाध्यक्ष, मसौढ़ी
मैट्रिक परीक्षा में नियम: बता दें कि मैट्रिक परीक्षा दो पाली में हो रही है. पहली पाली 9:30 बजे से हैं. परीक्षार्थियों को 9 बजे तक प्रवेश दिया जा रहा है. दूसरी पाली 2 बजे से हैं. ऐसे में 1:30 बजे तक ही प्रवेश दिया जा रहा है. एक मिनट लेट होने पर भी प्रवेश नहीं दिया जा रहा है.

