ETV Bharat / state

'पैर पकड़े.. मम्मी की कसम खाई..' बिहार में मैट्रिक की परीक्षा के दौरान छात्र के साथ क्या हुआ, जानें

'सर ने मुझे मारा और गाली गलौज भी किया. प्रिंसिपल मैडम ने 100 बार उठक-बैठक करायी.' मैट्रिक के परीक्षार्थी ने अपनी आपबीती बतायी.

Etv Bharat
Etv Bharat (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : February 23, 2026 at 3:47 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां मैट्रिक परीक्षा देने पहुंचे एक छात्र के साथ कथित तौर पर स्कूल प्रबंधन और सुरक्षा कर्मी द्वारा अमानवीय व्यवहार किया गया. मामला बीबी कॉलेजिएट स्कूल का है.

मैट्रिक के छात्र से मारपीट का आरोप: छात्र की मां ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि उनका 16 वर्षीय पुत्र 20 फरवरी को प्रथम पाली में मैट्रिक की परीक्षा देने गया था. परीक्षा केंद्र के अंदर जाने के बाद उसे पता चला कि उसका कलम छूट गया है. इसी क्रम में वह पास के क्लास रूम से अपने साथी से कलम लेकर लौट रहा था.तभी वहां तैनात एक सुरक्षा कर्मी ने उसे रोक लिया और कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की.

कराया गया 100 बार उठक-बैठक: आरोप है कि सुरक्षा कर्मी छात्र को पीटते हुए स्कूल की महिला प्रिंसिपल के कार्यालय में ले गया, जहां छात्र पर बिना प्रमाण के शीशा तोड़ने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज की गई और उसे 100 बार उठक-बैठक करने के लिए मजबूर किया गया.

अगले दिन भी मानसिक प्रताड़ना का आरोप: इस घटना के बाद छात्र मानसिक रूप से काफी परेशान हो गया, हालांकि किसी तरह उसने परीक्षा पूरी की. पीड़िता का यह भी आरोप है कि अगले दिन 21 फरवरी को जब छात्र परीक्षा देने पहुंचा, तो उसका प्रवेश पत्र और उत्तर पुस्तिका छीन ली गई और शिकायत करने पर करियर बर्बाद करने की धमकी दी गई.

स्कूल प्रिंसिपल व सुरक्षा गार्ड पर FIR: छात्र ने बताया कि वह सिर्फ कलम लेने के लिए दूसरे क्लास में गया था और वापस लौट रहा था, तभी उसे रोककर पीटा गया. बाद में प्रिंसिपल के पास ले जाकर गाली-गलौज की गई और 100 बार उठक-बैठक करवाई गई. इस पूरे मामले पर सिटी एसपी मोहमद अभिबुल्ला अंसारी ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर स्कूल प्रिंसिपल व सुरक्षा गार्ड के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया है.

"हमको सर मारने लगे तो मैंने पूछा क्यों मार रहे हैं. हम उनका पैर पकड़कर मम्मी कसम खाए और पूछे सर क्या गलती है, फिर भी मार रहे थे. मुझे बोले तुम्हारे साथ कौन था जल्दी उसका नाम बताओ. मैंने कहा कि मैं तो पेन लेने आया था, कुछ भी नहीं किया. गाली दिए और बोले चलो मैडम के पास. सर का नाम नहीं जानते हैं. मैडम भी मेरी बाद सुनने को तैयार नहीं थी. उठक-बैठक कराया गया था."- पीड़ित छात्र

"छात्र के साथ शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना का आरोप है. मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज समेत सभी बिंदुओं की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी."- मोहमद अभिबुल्ला अंसारी, सिटी एसपी

ये भी पढ़ें

Explainer: बिहार में छात्रों पर 2 मिनट भी भारी.. छिन रही जिंदगी.. सवाल गलती किसकी?

'मैट्रिक परीक्षा नहीं देने दिया.. बच्ची ने सदमे में जान दे दी', राबड़ी देवी ने की दोषियों पर कार्रवाई की मांग

मैट्रिक परीक्षा सेंटर से फेसबुक लाइव करने वाला गिरफ्तार, केंद्र का संचालक निकला आरोपी