ETV Bharat / state

मथुरा में साइबर अपराधियों पर पुलिस का एक्शन: 4 गांवों में छापेमारी, 50 संदिग्ध हिरासत में

मथुरा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शेरगढ़ और गोवर्धन के चार गांवों में छापेमारी की. 50 संदिग्धों को हिरासत में लिया.

Photo Credit: ETV Bharat
शेरगढ़ और गोवर्धन में साइबर ठगों पर मथुरा पुलिस का एक्शन. (Photo Credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : July 7, 2026 at 4:50 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

मथुरा: मथुरा में मंगलवार को साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस ने एक संयुक्त टीम बनाकर चार गांवों में सर्च अभियान चलाया. पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि क्षेत्र के कुछ हॉटस्पॉट इलाकों में बड़े पैमाने पर साइबर अपराध की गतिविधियां संचालित हो रही हैं.

इस कार्रवाई को शुरू हुए अब तक 10 घंटे से अधिक का समय हो चुका है. पुलिस ने इस दौरान पचास संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया.

जानकारी देते वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार. (Video Credit: ETV Bharat)

शेरगढ़ और गोवर्धन के गांवों में एक साथ छापेमारी: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि जनपद के कुछ इलाकों में साइबर अपराध की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए यह कदम उठाया गया है. मंगलवार को आधा दर्जन टीमें बनाकर जनपद के शेरगढ़ और गोवर्धन के गांवों में एक साथ छापेमारी की गई. इन देहाती क्षेत्रों में काफी समय से साइबर अपराध की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा था. इस बड़े ऑपरेशन को एसपी देहात के नेतृत्व में 200 पुलिसकर्मियों, चार सीओ और 20 इंस्पेक्टरों की टीम ने मिलकर अंजाम दिया.

भारी पुलिस बल को देखकर गांवों में मचा हड़कंप: पुलिस की इस अचानक और चौतरफा कार्रवाई को देखकर गांवों में हड़कंप मच गया और अपराधी इधर-उधर भागने लगे. जनपद पुलिस द्वारा साइबर अपराधियों के खिलाफ की गई यह कार्रवाई सुबह ठीक 5:00 बजे शुरू की गई थी. अभियान शुरू होने के 10 घंटे बाद भी गांवों में पुलिस का गहन सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है. पुलिस ने मौके से जिन 50 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है, उनसे पूछताछ की जा रही है.

Photo Credit: ETV Bharat
200 पुलिसकर्मियों की टीम ने 50 से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लिया. (Photo Credit: ETV Bharat)

बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और SIM कार्ड बरामद: पकड़े गए संदिग्धों के पास से बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, कई सिम कार्ड, लैपटॉप और मोबाइल नंबरों की लिस्ट बरामद की गई है. पुलिस फिलहाल पकड़े गए सभी लोगों से गहनता से पूछताछ करने में जुटी है. जांच में जो भी लोग साइबर अपराध की घटनाओं में संलिप्त पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने कहा कि साइबर अपराध का शिकार होकर बहुत से लोग प्रभावित होते हैं.

मथुरा के हॉटस्पॉट इलाकों में रेड: डीजी सर के निर्देशन में साइबर अपराधियों के खिलाफ यह सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की गई है. जनपद के जो भी साइबर हॉटस्पॉट हैं, उन इलाकों में पुलिस द्वारा सुबह से ही लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. फिलहाल कई लोगों को हिरासत में लेकर उनके नेटवर्क को खंगाला जा रहा है और अभी कुछ क्षेत्रों में कार्रवाई शेष बची हुई है. साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस का यह अभियान अभी कुछ घंटे और चलेगा तथा संलिप्त पाए जाने वाले आरोपियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें- अखिलेश यादव ने कहा- किसानों को नहीं मिल रही यूरिया-डीएपी, इथेनॉल मिक्स पेट्रोल से घटा माइलेज