2022 में हुए करौली दंगे का मास्टरमाइंड अमीनुद्दीन प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार, सट्टेबाजी मामले में जेल में था बंद
करौली दंगे में दोनों समुदायों के करीब 30 लोग घायल हुए थे. मामले में 54 लोगों को गिरफ्तार किया गया था.

Published : January 2, 2026 at 9:33 PM IST
करौली: जिले में 2 अप्रैल, 2022 को हिंदू नववर्ष के पहले दिन बाइक रैली के दौरान फैली हिंसा और दंगे के मास्टरमाइंड अमीनुद्दीन उर्फ अमीन को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी करौली की पूर्व सभापति रशीदा खातून का बेटा है. आरोपी को पिछले दिनों ही पुलिस ने किक्रेट में सट्टा लगाने के मुख्य आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया गया था. वह हिण्डौनसिटी जेल में बंद था. यहीं से उसे प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया.
पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने प्रेसवार्ता में बताया कि 2 अप्रैल, 2022 को हिन्दू नववर्ष (नवसंवत्सर) के अवसर पर बाइक रैली पर पूर्व नियोजित तरीके से पथराव, आगजनी फैलाने व साम्प्रदायिक भावनाएं भड़काने के मास्टरमाइंड अमीनुद्दीन को शुक्रवार को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया. उन्होंने बताया कि इस दंगे में दोनों समुदायों के करीब 30 लोग घायल हुए थे. 80 लोगों की निजी व सरकारी सम्पत्ति को दंगाइयों ने नुकसान पहुंचाया था. मामले में 54 व्यक्तियों को पूर्व में ही गिरफ्तार किया जा चुका है.
एसपी ने बताया कि हिण्डौनसिटी कोतवाली पुलिस ने क्रिकेट पर ऑनलाइन सट्टे का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था. जिन्होंने सट्टाकिंग के मास्टरमाइंड अमीनुद्दीन का नाम कबूल किया था. जिसके बाद 27 दिसंबर को अमीनुद्दीन खान को अवैध सट्टा कारोबार चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. उसे कोर्ट के आदेश से न्यायिक अभिरक्षा में उपजिला कारागृह हिण्डौनसिटी में भेजा गया था.
'मस्जिद की छत से बाइक रैली पर फेंके थे पत्थर': पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 2 अप्रैल 2022 को हिन्दू नव वर्ष पर रामनवमी की शोभा यात्रा बाइक रैली आयोजित की गई थी. इसी दौरान पूर्व से हटवाडा में स्थित मकानों, मस्जिद व जिम सेन्टर की छतों पर से शोभा यात्रा में शामिल लोगों पर अंधाधुंध पथराव कर जानलेवा हमला बोल दिया था. भगदड़ मचने पर मुंह पर कपड़े बांधे आरोपियों ने लोगों पर लाठी-डंडों से हमले किए. वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया. इस मामले में दोनों पक्षों के 54 लोगों को गिरफ्तार किया गया था.
पढ़ें: करौली हिंसा मामला: पुलिस ने नामजद 37 लोगों सहित अन्य के खिलाफ किया मामला दर्ज
'तीन दिन पहले बनाया था वारदात का प्लान': पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रकरण में आरोपी जियाउद्दीन और फिरोज की पूछताछ में सामने आया कि शोभा यात्रा पर हमले का प्लान तीन दिन पहले बनाया गया था. इस वारदात का नेतृत्व अमीनुद्दीन द्वारा किया जाना बताया था. प्रकरण में स्वतंत्र गवाहों ने अमीनुद्दीन को दंगे में मौजूद होना बताया था. घटना के दिन आरोपी अमीनुद्दीन की मोबाइल लोकेशन घटनास्थल पर पाई गई. उन्होंने बताया कि मास्टरमाइंड के खिलाफ कोतवाली करौली, रामगंज (उत्तर) जयपुर, कोतवाली गंगापुर और कोतवाली हिण्डौन सिटी में संगीन मामले दर्ज हैं.

