डीजल चोर गिरोह का इनामी सरगना दो साथियों के साथ गिरफ्तार
कोरबा पुलिस ने डीजल चोर गिरोह पर तगड़ा एक्शन लिया है. कुल तीन आरोपी गिरफ्तार हुए हैं.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : June 3, 2026 at 9:42 PM IST
कोरबा: दीपका पुलिस ने डीजल चोर गिरोह के इनामी मास्टरमाइंड को उसके 2 साथियों के साथ गिरफ्तार किया गया है. वो करीब डेढ़ साल से पड़ोसी जिले में छिपकर रह रहा था. पड़ोसी जिले से ही डीजल चिर गिरोह का संचालन करते आ रहा था. इसकी जानकारी पुलिस को मिली. इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को पकड़ने में सफलता प्राप्त की है.पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में शामिल दो स्कार्पियों को भी जप्त किया है. डीजल चोर सरगना की टीम के 9 साथी पहले ही पकड़े जा चुके हैं. फिलहाल पुलिस ने पकड़े गए तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया. अदालत ने तीनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है.
साल 2024 में की थी डीजल चोरी
दीपका थानांतर्गत एसईसीएल के गेवरा खदान में दिसंबर 2024 में चोर गिरोह ने डीजल चोरी को अंजाम दिया था. वहीं गेवरा खदान में ही 17 मार्च 2026 को भारी मात्रा में डीजल चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया था. मामले में पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर 2500 लीटर डीजल बरामद किया. इस पूरे केस में बलगी शांति नगर निवासी नवीन कश्यप 34 वर्ष की संलिप्तता सामने आई थी, जिसकी पहले से ही पुलिस को तलाश थी. वह जिले से बाहर रहकर डीजल चोर गिरोह का संचालन कर रहा था. पुलिस नवीन और उसके दो साथियों की तलाश कर रही थी, लेकिन सरगना सहित अन्य आरोपियों को कोई सुराग नही मिल रहा था.
मुखबिर की सूचना पर पुलिस का एक्शन
सुराग नहीं मिलने पर पुलिस ने सरगना नवीन कश्यप पर 10 हजार इनाम की घोषणा की थी. दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू के नेतृत्व में 1 जून की रात पुलिस पेट्रोलिंग पर निकली थी. इसी दौरान थाना प्रभारी साहू को मुखबिर से सूचना मिली कि डीजल चोर गिरोह का इनामी सरगना नवीन जांजगीर में छिपा है. जिससे थाना प्रभारी ने आला अफसरों को अवगत कराया और कार्रवाई के लिए टीम रवाना हुई.
घेराबंदी कर सरगना को पकड़ा
कोरबा पुलिस की टीम ने जांजगीर में घेराबंदी कर नवीन और उसके दो साथी को गिरफ्तार किया है. इसमें परमेश्वर सारथी और सब्बीर मेमन शामिल हैं. पूछताछ के दौरान उन्होंने डीजल चोरी की बात स्वीकार कर ली. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल वाहन को भी जब्त कर लिया है.

