धनबाद के विकास के लिए 22 जुलाई को होगा महाधरना, सांसद और विधायक समेत अन्य जनप्रतिनिधि करेंगे शिरकत
धनबाद में विकास और लंबित योजनाओं को लेकर 22 जुलाई को महाधरना दिया जाएगा.


Published : July 20, 2026 at 8:40 PM IST
धनबाद: आधारभूत विकास और लंबित परियोजनाओं को गति देने की मांग को लेकर 22 जुलाई को शहर में महाधरना आयोजित किया जाएगा. इस आंदोलन में विभिन्न दलों के सात विधायकों और दो सांसदों के शामिल होने की संभावना है.
धरना के जरिए केंद्र सरकार के समक्ष नई रेल सेवाओं की शुरुआत, एयरपोर्ट निर्माण, एम्स जैसी स्वास्थ्य सुविधाओं और ट्रॉमा सेंटर की स्थापना जैसी महत्वपूर्ण मांगें उठाई जाएंगी. आयोजकों ने इसे धनबाद के भविष्य से जुड़ा जनआंदोलन बताते हुए आम लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होने का आह्वान किया है.
महाधरना में धनबाद से मुंबई के लिए प्रतिदिन सीधी रेल सेवा शुरू करने की मांग प्रमुखता से रखी जाएगी. आयोजकों का कहना है कि बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए मुंबई जाते हैं और सीधी ट्रेन नहीं होने से उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. इसके अलावा धनबाद-कटिहार रेल सेवा, धनबाद-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस तथा धनबाद से सिलीगुड़ी के लिए नई ट्रेन चलाने की मांग भी उठाई जाएगी.
धरना के दौरान तोपचांची क्षेत्र में लगभग 1300 एकड़ सरकारी भूमि पर एयरपोर्ट निर्माण का प्रस्ताव भी प्रमुख मुद्दा रहेगा. आयोजकों का दावा है कि यह स्थान भौगोलिक दृष्टि से उपयुक्त है और यहां से बोकारो, गिरिडीह तथा पारसनाथ की दूरी भी काफी कम है.
साथ ही धनबाद सेंट्रल अस्पताल को एम्स की तर्ज पर सुपरस्पेशियलिटी संस्थान के रूप में विकसित करने और आधुनिक ट्रॉमा सेंटर स्थापित करने की मांग भी उठाई जाएगी. उनका कहना है कि इन सभी मांगों का प्रस्ताव पहले ही केंद्र सरकार को भेजा जा चुका है.
आयोजकों के मुताबिक इस महाधरना में निरसा विधायक अरूप चटर्जी, सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो, धनबाद विधायक राज सिन्हा, झरिया विधायक रागिनी सिंह, डुमरी विधायक जयराम महतो, धनबाद सांसद ढुल्लू महतो और गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी समेत कई जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है.
आयोजकों ने कहा कि यह किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि धनबाद के समग्र विकास का आंदोलन है. इसलिए जिले के सभी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई है.
यह भी पढ़ें:
विधायक शत्रुघ्न महतो जलजमाव के विरोध में सड़क पर उतरे, नगर निगम के खिलाफ खोला मोर्चा
झारखंड में 'स्कूल ऑफ ड्रामा' की जरूरत, लोक कला दिलाएगी अलग पहचानः डॉ. देशराज मीणा
धनबाद के आवासीय स्कूल में बवाल, बच्चों से मारपीट और टॉयलेट साफ कराने का आरोप

