कर्णप्रयाग में पहाड़ दरका, सड़क पर गिरे बोल्डर और पेड़, आगराखाल में ट्रक पलटा
उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश हो रही है. जिसके कारण जगह जगह लैंडस्लाइड हो रहा है.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : August 30, 2026 at 3:21 PM IST
चमोली/टिहरी: कर्णप्रयाग रविवार सुबह हुई भारी बारिश के बीच कर्णप्रयाग के सुभाषनगर में पहाड़ी का एक हिस्सा अचानक दरक गया. देखते ही देखते बड़े-बड़े बोल्डर और पेड़ सड़क पर आ गिरे. मलबे की चपेट में आने से कई स्कूटी और मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गईं. सड़क किनारे दुकान चला रहा एक व्यक्ति भूस्खलन की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया. उसने समय रहते मौके से भागकर अपनी जान बचाई.
भूस्खलन इतना अचानक हुआ कि आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. पहाड़ी से लगातार पत्थर और मलबा गिरने के कारण लोगों ने मौके से दूरी बना ली. हादसे के बाद सिमली-ग्वालदम मोटर मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया. मलबे की चपेट में आने से एक मकान को भी खतरा पैदा हो गया है. हालांकि, घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है. सूचना मिलने पर लोक निर्माण विभाग की टीम मौके पर पहुंची. सड़क पर जमा मलबा हटाने का काम शुरू किया.
कर्णप्रयाग में पहाड़ दरका, सड़क पर गिरे बोल्डर और पेड़ @ChamoliDm @chamolipolice @pushkardhami
— ETVBharat Uttarakhand (@ETVBharatUK) August 30, 2026
खबर के लिए क्लिक करेंhttps://t.co/AVSwdQgAOL pic.twitter.com/NqWv3Ps0gz
विभागीय कर्मी जेसीबी की मदद से मार्ग खोलने में जुटे हैं. पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा आने के कारण सड़क को पूरी तरह सुचारू करने में समय लगने की संभावना है. लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है.
ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग-94 बाधित: वहीं, लगातार हो रही बारिश के कारण ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग-94 जगह-जगह बंद है. टिहरी जिले में लगातार हो रही तेज बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है. ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग-94 पर जगह-जगह मलबा आने और सड़क टूटने से यातायात प्रभावित हो गया है. सड़क खोलने में कई घंटे लगने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं. ऐसे में वाहन चालकों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है.
उत्तराखंड में आफत वाली बारिश, ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग-94 बाधित @DMTEHRI1 @TehriGarhwalPol @pushkardhami @ukcmo
— ETVBharat Uttarakhand (@ETVBharatUK) August 30, 2026
खबर के लिए क्लिक करेंhttps://t.co/AVSwdQgAOL pic.twitter.com/tMmJB5U24v
आगराखाल में ट्रक पलटा: आगराखाल के पास बड़ा हादसा होते-होते टल गया. ब्रेक फेल होने के कारण सीमेंट से भरा एक ट्रक सड़क किनारे पलट गया. ट्रक खाई में जाने से बाल-बाल बच गया और क्रॉस बैरियर पर अटक गया. हादसे में ट्रक चालक की जान भी बाल-बाल बची। बताया जा रहा है कि सीमेंट से भरा यह ट्रक हरिद्वार के भगवानपुर से उत्तरकाशी जा रहा था. लगातार बारिश के चलते जिले में कई स्थानों पर सड़क पर मलबा आने और सड़क टूटने से आवाजाही बाधित है. प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से सड़कों को खोलने का काम किया जा रहा है, लेकिन लगातार बारिश के कारण परेशानी बनी हुई है.
आगराखाल में सीमेंट का ट्रक पलटा, बाधित हुआ रास्ता@DMTEHRI1 @TehriGarhwalPol @pushkardhami @ukcmo
— ETVBharat Uttarakhand (@ETVBharatUK) August 30, 2026
खबर के लिए क्लिक करेंhttps://t.co/AVSwdQgAOL pic.twitter.com/evIaRUNJmG
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान केवल अति आवश्यक होने पर ही यात्रा करें. अनावश्यक रूप से बरसात के समय सफर करने से बचें और सड़क की स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही घर से निकलें.
ये भी पढ़ें-

