कोरबा के शॉपिंग कॉम्पलेक्स में भीषण आग, लाखों के नुकसान का अंदेशा, फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू
कोरबा के एसएस प्लाजा में सोमवार सुबह भीषण आग से लाखों रुपए का नुकसान हुआ.आग की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : December 29, 2025 at 2:04 PM IST
कोरबा : कोरबा के एसएस प्लाजा कॉम्पलेक्स में सोमवार सुबह भीषण आग लगी.सुबह छह बजे जब लोग मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले तो उन्होंने बिल्डिंग से धुंआ निकलते देखा. बिल्डिंग में आग लगने की आशंका के मद्देनजर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी.पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को तत्काल बुलाया गया.
कई घंटे बाद आग पर पाया गया काबू
दमकल की गाड़ियां जब तक मौके पर पहुंचती तब तब आग ने बिल्डिंग के कई हिस्सों को अपनी चपेट में ले लिया था. इस घटना में एक ज्वेलरी शाॅप और बर्तन दुकान में आग फैलने से कॉम्पलेक्स के ऊपरी मंजिल में भी आग पहुंच गई. 10 से अधिक दमकल की गाड़ियां मौके पर आग बुझाने में जुटी.
व्यापारी वर्ग आगजनी से चिंतित
जानकारी के मुताबिक आगजनी की घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है. शहर के बीचों बीच स्थित एसएस प्लाजा कॉम्पलेक्स में सुबह जैसे ही आग लगने की जानकारी मिली, व्यापारियों के बीच हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि सुबह के वक्त सबसे पहले आग कॉम्पलेक्स में संचालित पद्मिनी ज्वैलर्स और बालाजी स्टील में देखी गयी.
लाखों रुपए के नुकसान का अंदेशा
जब तक आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया,तब तक आग और भीषण होते हुए पहली मंजिल में फैल गई. जिससे आग की चपेट में आकर कई अन्य दुकानों को भी नुकसान होने की आशंका है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी और निगम आयुक्त सहित महापौर संजूदेवी राजपूत मौके पर पहुंची. काफी देर तक आग पर काबू पाने का प्रयास जारी रहा. पुलिस अधिकारी फिलहाल शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जता रहे हैं. वहीं इस घटना में लाखों रूपये की क्षति होने की आशंका है.
आग का शोला बना ट्रक, ड्राइवर और कंडक्टर चलती गाड़ी से कूदे
जलने से महिला की मौत, बलौदा बाजार के कसडोल थाना क्षेत्र की घटना

