किन्नौर के आसरंग-लिप्पा के जंगलों में लगी भीषण आग, करोड़ों की वन संपदा जलकर राख
किन्नौर के आसरंग-लिप्पा के जंगलों में भीषण आग लगी है. आग बुझाने के लिए वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : December 30, 2025 at 6:07 PM IST
किन्नौर: जिला किन्नौर में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब आसरंग और लिप्पा गांव के घने जंगलों में भीषण आग भड़क उठी. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और जंगल का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया. आग से करोड़ों रुपये की कीमती वन संपदा जलकर राख हो चुकी है. हालात ऐसे हैं कि शुरुआती कई घंटों तक वन विभाग मौके पर नहीं पहुंच पाया, जिससे ग्रामीणों को खुद ही आग बुझाने के प्रयास करने पड़े.
आग की चपेट में जंगल का बड़ा हिस्सा
ग्रामीणों के अनुसार आग ने आसरंग और लिप्पा गांव के चिलगोजा और अन्य मिश्रित जंगलों को भारी नुकसान पहुंचाया है. जंगल का बड़ा इलाका पूरी तरह जल चुका है, जबकि कई हिस्सों में अब भी आग सुलग रही है. तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैल रही है, जिससे स्थिति और गंभीर बनती जा रही है.
डीसीएफ (उप वन संरक्षक) किन्नौर अरविंद कुमार ने बताया, "सूचना मिलते ही वन विभाग की टीमें मौके के लिए रवाना कर दी गई हैं और कुछ कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं. आग का दायरा बड़ा होने के कारण उसे नियंत्रित करने में कठिनाई आ रही है, लेकिन विभाग और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग बुझाने के प्रयास जारी हैं."
आसरंग गांव के मोनू नेगी ने बताया कि आग लगने के बाद जंगल से सुबह के समय कई वन्यजीवों की आवाजें सुनाई दे रही थीं, जो शाम होते-होते बंद हो गईं. इससे आशंका जताई जा रही है कि सैकड़ों वन्य प्राणी इस आग की चपेट में आकर मारे गए होंगे.
ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा
ग्रामीणों का कहना है कि काफी देर तक प्रशासन की ओर से कोई मदद नहीं पहुंची. मजबूरी में लिप्पा और आसरंग गांव के लोग खुद जंगल में जाकर आग बुझाने में जुटे हुए हैं. हालांकि आग की ऊंची लपटों के कारण उस पर काबू पाना बेहद मुश्किल साबित हो रहा है.
ये भी पढ़ें: हाथ मिलाकर गले मिले डॉक्टर राघव और अर्जुन पंवार, शादी का भी दिया न्यौता, सुलझा IGMC का विवाद

