ETV Bharat / state

उदयपुर: पटेल सर्कल के पास पेट्रोल पंप के बाहर खड़े वाहनों में भीषण आग, बड़ा हादसा टला

आग पेट्रोल पंप तक पहुंच जाती तो बड़ा विस्फोट हो सकता था, जिससे जान-माल का भारी नुकसान संभव था.

Sudden Fire in Vehicles
आग से जला वाहन (ETV Bharat Udaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : March 24, 2026 at 1:39 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

उदयपुर: शहर के व्यस्त इलाके पटेल सर्कल पर मंगलवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब भारत पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप के बाहर खड़े वाहनों में अचानक आग लग गई. कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और मौके पर खड़े चार ऑटो रिक्शा व एक कार पूरी तरह जलकर खाक हो गए. राहत की बात यह रही कि समय रहते दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया, जिससे पेट्रोल पंप तक आग फैलने से बच गई.

घटना सुबह करीब 3 बजे की है. उस समय इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ था. अचानक उठती लपटों को देखकर आसपास के लोग घबरा गए और तुरंत पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी. सूचना मिलते ही नगर निगम की दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. दमकलकर्मियों ने करीब 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया.

पढ़ें: नीमराणा में AC प्लांट में भीषण आग, ​दूर तक दिखी लपटें व धुआं, बुझाने में 10 दमकल को लगे आठ घंटे

नगर निगम के मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी ने बताया कि आग काफी तेजी से फैल रही थी और पेट्रोल पंप बेहद नजदीक होने के कारण बड़ा खतरा बना हुआ था. आग पंप तक पहुंच जाती तो बड़ा विस्फोट हो सकता था, जिससे जान-माल का भारी नुकसान संभव था. घटना की सूचना मिलते ही सूरजपोल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात को संभाला. पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित कराया और लोगों को दूर रखा. प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है.

उन्होंने बताया कि स्थानीय स्तर पर इस घटना को ऑटो चालकों के आपसी विवाद और अवैध पार्किंग से जोड़कर देखा जा रहा है. बताया जा रहा है कि पेट्रोल पंप के बाहर लंबे समय से ऑटो चालकों द्वारा अवैध रूप से वाहन खड़े किए जाते हैं, जिससे कई बार विवाद की स्थिति बनती रही है. आशंका जताई जा रही है कि किसी रंजिश के चलते आगजनी की घटना को अंजाम दिया है. पुलिस पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और जिन वाहन मालिकों के वाहन जले हैं, उनसे भी पूछताछ की जा रही है. मामले की जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा.