लक्ष्मी नगर मेट्रो स्टेशन के पास बेसमेंट में लगी भीषण आग, बुक स्टॉल की किताबें जलकर खाक
दिल्ली लक्ष्मी नगर मेट्रो स्टेशन के पास आग लगने की घटना सामने आई है. फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.

Published : November 17, 2025 at 6:14 PM IST
नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर मेट्रो स्टेशन के पास स्थित बेसमेंट में सोमवार शाम एक किताब की दुकान में भीषण आग लग गई. अचानक उठी लपटों ने कुछ ही मिनटों में पूरी दुकान को अपनी गिरफ्त में ले लिया, जिससे इलाके में घना धुआं फैल गया और आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई.
दमकल अधिकारी नितिन के अनुसार, शाम करीब 4:45 बजे आग की सूचना प्राप्त होते ही फायर टेंडर मौके पर भेजे गए. टीम ने मौके पर पहुंचते ही आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घटना में किसी के घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है. बेसमेंट में पांडेय बुक स्टाल नामक किताब की दुकान है, जबकि फर्स्ट फ्लोर पर एक रेस्टोरेंट और ऊपरी मंजिलों पर कई कोचिंग इंस्टिट्यूट संचालित होते हैं. आग लगते ही बेसमेंट से उठता धुआं ऊपर की मंज़िलों तक पहुंच गया, जिसके कारण रेस्टोरेंट में बैठे ग्राहकों और स्टाफ और इंस्टिट्यूट में मौजूद छात्रों को तुरंत बाहर निकलना पड़ा.
दुकानदार शशिकांत पांडे ने बताया कि उनकी दुकान करीब 25 साल पुरानी है. वह दुकान के बाहर ही थे, तभी अंदर से धुआं उठता देखा. जब तक वह कुछ समझ पाते उससे पहले ही आग तेजी से फैल गई और पूरी दुकान धुएं से भर गई. दुकानदार के अनुसार, स्टोर में करीब 1 करोड़ रुपये मूल्य की किताबें रखी थीं, जो आग की चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गईं.
दमकल अधिकारी नितिन ने बताया कि आग में कोई हताहत नहीं हुआ है. आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. पुलिस ने पूरे मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है. आग के कारण हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है. जांच के बाद ही कारण सामने आ पाएगा.
यह भी पढ़ें-
गाजियाबाद: मोदीनगर इंडस्ट्रियल एरिया में फैक्ट्री में बॉयलर फटने से लगी भीषण आग, दो मजदूर झुलसे
नोएडा के सेक्टर-18 में लगी भीषण आग, 5वीं मंजिल तक पहुंची लपटें; फायर ब्रिगेड ने ऐसे पाया काबू

