दिल्ली: गोदाम में लगी भीषण आग, संकरी गली के चलते फायर ब्रिगेड को पहुंचने में हुई मुश्किल
दिल्ली के शाहदरा में सुबह तीन मंजिला मकान में आग लग गई.आग मकान के अंदर बने कुर्ते के गोदाम में लगी जिसे बुझा लिया गया.

Published : August 30, 2026 at 10:58 AM IST
|Updated : August 30, 2026 at 12:04 PM IST
नई दिल्ली: दिल्ली के शाहदरा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र के ओल्ड सीलमपुर इलाके में रविवार सुबह एक तीन मंजिला मकान में आग लग गई. आग मकान के अंदर बने कुर्ते के गोदाम में लगी थी. आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. इस दौरान मकान में मौजूद कुछ लोगों को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया.
कुर्ते के गोदाम में लगी आग: फायर अधिकारी अनूप सिंह के मुताबिक, दमकल विभाग को सुबह करीब 8:20 से 8:22 बजे के बीच आग लगने की सूचना मिली थी. सूचना में बताया गया था कि मकान के अंदर बने कुर्ते के गोदाम में आग लगी है. इसके बाद दमकल की गाड़ियों को मौके पर भेजा गया.
गली काफी संकरी होने से रेस्क्यू में लगा समय: अनूप सिंह ने बताया कि घटनास्थल की गली काफी संकरी थी, जिसकी वजह से दमकल की गाड़ियों को अंदर पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. बड़ी मुश्किल से दमकल की गाड़ियां मौके तक पहुंच सकीं. मकान के अंदर धुआं काफी ज्यादा भरा हुआ था. इसी दौरान ऊपर कुछ लोगों के फंसे होने की जानकारी मिली, जिसके बाद दमकल कर्मियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला.
छह दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंची: फायर अधिकारी के अनुसार, घटनास्थल पर कुल छह दमकल गाड़ियां भेजी गई थीं. इनमें से चार गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने के काम में जुटीं, जबकि दो गाड़ियां बाहर खड़ी रहीं. दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रण में कर लिया गया.
आग कैसे और किस वजह से लगी अब तक साफ नहीं : मौके पर अभी भी धुआं उठता दिखाई दे रहा था और आसपास लोगों की भीड़ जमा थी. आग किस वजह से लगी, इसकी स्पष्ट जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है. दमकल विभाग और संबंधित अधिकारियों की ओर से आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. आग में कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन भी जांच के बाद ही सामने आएगा
ये भी पढ़ें:

