ETV Bharat / state

अंबाला में गद्दा फैक्ट्री में लगी भीषण आग, कई किलोमीटर तक दिखा धुएं का गुबार

अंबाला शहर के नजदीक गांव मंडोर में एक गद्दा फैक्ट्री की नई यूनिट में भीषण आग लग गई. कईं किलोमीटर तक धुएं का गुबार दिखा.

Massive Fire at Mattress Factory
गद्दा फैक्ट्री में लगी भीषण आग (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : June 1, 2026 at 2:30 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

अंबाला: सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब शहर के नजदीक गांव मंडोर स्थित एक गद्दा फैक्ट्री में भीषण आग लग गई. आग इतनी भयावह थी कि कई किलोमीटर दूर तक काले धुएं का गुबार दिखाई देता रहा था. देखते ही देखते आग ने फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया, जिसके बाद दमकल विभाग और प्रशासन की टीमों को मौके पर बुलाया गया.

7 दमकल गाड़ियों ने आग पर पाया काबूः सुबह मिली आग लगने की सूचना के बाद दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया. आग की भयावहता को देखते हुए करीब सात दमकल गाड़ियों को मौके पर लगाया गया. गद्दों और अन्य ज्वलनशील सामान के कारण आग तेजी से फैलती रही, जिससे आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. करीब दो घंटे से अधिक समय तक दमकल कर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे रहे.

अंबाला में एक गद्दा फैक्ट्री में लगी भीषण आग (ETV Bharat)

सभी कर्मचारी सुरक्षितः घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. डीएसपी जितेश जिंदल ने बताया कि "फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और आग पर लगभग काबू पा लिया गया है. शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. हादसे के समय फैक्ट्री में सैकड़ों कर्मचारी मौजूद थे. फैक्ट्री प्रबंधन के अनुसार सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं."

ये भी पढ़ें-अंबाला और फरीदाबाद में आग का तांडव, तैयार गेहूं की फसल जलकर राख, किसानों को भारी नुकसान