हांसी में कॉटन जिनिंग मिल में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान, घंटों की मेहनत के बाद फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
हांसी में कॉटन जिनिंग मिल में भीषण आग की चपेट में आने से कई मजदूर फंस गए थे. मजदूरों ने भागकर जान बचाई.

Published : September 2, 2026 at 8:09 PM IST
|Updated : September 2, 2026 at 8:35 PM IST
हांसीः कुंदनापुर रोड स्थित एक कॉटन फैक्टरी की जिनिंग मिल में बुधवार दोपहर शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि फैक्टरी में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. आग के दौरान एक मजदूर फैक्टरी के अंदर फंस गया था, जिसे काफी मुश्किल के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया.
भागकर मजदूरों ने बचाई जानः आपको बता दें कि हादसे के समय फैक्टरी में मजदूर काम कर रहे थे. फैक्टरी में धुआं उठने और आग की लपटें तेज होने के बाद आग ने कुछ ही समय में बड़ा रूप ले लिया. आग को विकराल होता देख मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई और उन्होंने मौके से भागकर अपनी जान बचाई. फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर दो घंटों की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया.
क्या बोले फैक्ट्री मालिकः फैक्टरी मालिक प्रदीप यादव ने बताया कि "बुधवार दोपहर अचानक फैक्टरी में आग लग गई. कपास की फैक्टरी में दो कपास के गोदाम आग की चपेट में आ गए. जिससे करीब 25 लाख रुपये का नुकसान हुआ है. आग के दौरान एक मजदूर फैक्टरी के अंदर फंस गया था, जिसे काफी मुश्किल के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया."
शॉर्ट सर्किट से आग की आशंकाः वहीं फायर ब्रिगेड अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम करीब 10 मिनट में मौके पर पहुंच गई थी. जब टीम पहुंची, तब तक आग काफी फैल चुकी थी. फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों की मदद से करीब दो घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया. आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. आग से करीब 25 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है.

