दिल्ली: वेयरहाउस में भीषण आग, 24 दमकल गाड़ी मौके पर, कोई हताहत नहीं
दमकल विभाग ने इसे 'सीरियस कैटेगरी' में रखा है. सूचना मिलने के तुरंत बाद करीब दो दर्जन दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं.

Published : March 2, 2026 at 2:38 PM IST
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली एक बार फिर आग की लपटों से दहल उठी है. बाहरी दिल्ली के टिकरी इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित एक वेयरहाउस में आज सुबह भीषण आग लग गई. आग इतनी भयावह है कि इसकी लपटें और काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से देखा जा सकता है. घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में राहत कार्य शुरू किया गया.
जानकारी के मुताबिक, आग टिकरी बॉर्डर के पास स्थित एक इंडस्ट्रियल यूनिट में लगी. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. धुएं के कारण आसपास के इलाकों में विजिबिलिटी कम हो गई है और लोगों को सांस लेने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है.
#WATCH दिल्ली: नेताजी सुभाष विहार, टिकरी में एक गोदाम में आग लग गई। दमकल की गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। pic.twitter.com/qIpCTeQl78
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 2, 2026
टीकरी में वेयरहाउस में भीषण आग: आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग ने इसे 'सीरियस कैटेगरी' में रखा है. सूचना मिलने के तुरंत बाद करीब दो दर्जन (24) दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं. संकरी गलियां और वेयरहाउस के अंदर रखे ज्वलनशील पदार्थ आग बुझाने के कार्य में बड़ी बाधा बन रहे हैं. फायर अधिकारी ने बताया कि हमारी प्राथमिकता आग को आसपास की अन्य फैक्ट्रियों में फैलने से रोकना है. वर्तमान में दमकल की 24 गाड़ियां और दर्जनों कर्मचारी आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं.
चौबीस दमकल गाड़ी मौके पर, कोई हताहत नहीं: फिलहाल इस हादसे में किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन वेयरहाउस के अंदर भारी मात्रा में माल जलकर खाक होने की आशंका है. पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और आसपास की फैक्ट्रियों को खाली करा लिया गया है. एम्बुलेंस की कई गाड़ियां भी स्टैंडबाय पर रखी गई हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके.
शुरुआती तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता आग बुझने और कूलिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही चल पाएगा. प्रशासन इस बात की भी जांच करेगा कि क्या फैक्ट्री में अग्निशमन के पुख्ता इंतजाम थे या नहीं. मौके पर अभी भी आग बुझाने का काम युद्धस्तर पर जारी है. प्रशासन का कहना है कि स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में आने में कुछ और घंटे लग सकते हैं.
ये भी पढ़ें:

