ETV Bharat / state

शहर-शहर आग कहर, जोधपुर में होटल के कमरे में लगी आग, बूंदी में धधक उठी राइस मील

प्रदेश में कई जगहों पर आग की घटना सामने आई है. बूंदी में लाखों की मशीनें और अनाज स्वाहा हो गया.

राइस मील में आग
राइस मील में आग (फोटो ईटीवी भारत बूंदी)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : March 1, 2026 at 9:01 AM IST

|

Updated : March 1, 2026 at 12:04 PM IST

6 Min Read
Choose ETV Bharat

जोधपुर/बूंदी/अलवर : प्रदेश के कई शहरों में आग लगने की गंभीर घटनाएं सामने आईं, जिनमें जोधपुर,बूंदी और अलवर प्रमुख हैं. आग लगने की वजह से लाखों के नुकसान का अनुमान लगाया गया है. बूंदी शहर के शिव कॉलोनी क्षेत्र में रविवार अल सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बूंदी स्थित एक राइस मील में अचानक भीषण आग भड़क उठी. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही मिनटों में राइस मील परिसर धुएं के घने गुबार से ढक गया. आसपास के रहवासी घबराकर घरों से बाहर निकल आए और क्षेत्र में हड़कंप मच गया.

नगर परिषद के फायरमैन इमरान ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम तुरंत मौके पर पहुंची. तीन दमकल गाड़ियों की सहायता से आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया. आग तेजी से फैल रही थी, लेकिन समन्वित प्रयासों के चलते स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया. उन्होंने बताया कि अगर थोड़ी भी देरी होती तो नुकसान और भी गंभीर हो सकता था. प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट शर्किट माना जा रहा है. हालांकि, वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने भी घटनास्थल का जायजा लिया और आवश्यक जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है.

राइस मील में शॉर्ट सर्किट से भड़की आग (वीडियो ईटीवी भारत बूंदी)

इसे भी पढ़ें: भरतपुर में अवैध शराब बिक्री बंद न होने से भड़कीं महिलाएं, शराब गोदाम में लगाई आग

‎प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह लगभग साढ़े 4 बजे कामकाज की तैयारियां चल रही थीं. मील के अंदर मक्का, चावल और गेहूं की ग्रेडिंग का कार्य जारी था. आधुनिक मशीनों की घरघराहट के बीच अचानक शॉर्ट शर्किट हुआ और चिंगारी ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया. आग पहले विद्युत पैनल के आसपास भड़की और फिर पास रखे मक्का के बोरे तथा मशीनों के हिस्सों को अपनी चपेट में लेती चली गई. राइस मील के भीतर लगी ग्रेडिंग और प्रोसेसिंग मशीनें आग की लपटों में घिर गईं.

‎घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम हरकत में आया. सूचना पर तत्काल तीन दमकल गाड़ियां मौके के लिए रवाना की गईं. दमकल कर्मियों ने पहुंचते ही आग बुझाने का मोर्चा संभाल लिया. करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका. समय रहते की गई कार्रवाई से आग को आसपास की अन्य इकाइयों और रिहायशी इलाकों तक फैलने से रोक लिया गया. इस अग्निकांड में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है. मशीनों, विद्युत उपकरणों और मक्का के स्टॉक को भारी क्षति पहुंची है. इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. समय रहते कर्मचारियों ने बाहर निकलकर अपनी जान बचाई.

इसे भी पढ़ें: भिवाड़ी के कबाड़ गोदाम में भीषण आग, दूर तक दिखी लपटें और धुआं

होटल में लगी आग : वहीं जोधपुर शहर के पांच बत्ती इलाके में स्थित एक होटल में आज सुबह अचानक आग लग गई. हालांकि इस आग से किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ. आग की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड टीम को दी गई. कुछ देर में फायर ब्रिगेड की दो दमकलों ने आग पर काबू पाया. नगर निगम के मुख्य अग्निशमन अधिकारी जलज घसिया ने बताया कि आज सुबह 9 बजे के करीब आग लगने की सूचना मिली थी. जिसके बाद दो स्टेशन से दमकलें रवाना की थी. आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया. जानकारी के अनुसार होटल सोनल के एक फ्रंट रूम में सुबह अचानक धुंआ निकलने लगा. होटल स्टाफ कुछ समझता इतनी देर में आग की लपटें निकलने लगी. नगर निगम को होटल में लगे अग्निशामक यंत्रों के काम नहीं करने की जानकारी मिली है, जिसकी जांच करवाई जाएगी. फिलहाल आग लगने के कारण का पता नहीं चला है.

जोधपुर में होटल के कमरे में लगी आग (वीडियो ईटीवी भारत जोधपुर)

एक फायर मैन हुआ चोटिल : मौके पर पहुंचे शायक फायर सेफ्टी ऑफिसर मोहन चितारा ने बताया कि सूचना के बाद शहर के सभी फायर स्टेशन को अलर्ट कर दिया गया था. लेकिन दो गाड़ियों और दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया. किसी तरह की क्षति नहीं हुई है. एक फायर मैन को हल्की चोटे आई है। जिसका उपचार करवाया गया है.

इसे भी पढ़ें: फैक्ट्री में धमाके बाद लगी आग, जिंदा जलकर 7 लोगों की मौत

अलवर में फैक्ट्री में लगी भीषण आग : अलवर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में बस एवं ट्रक का निर्माण करने वाली नामी कंपनी में शनिवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई. इससे कम्पनी के पेटिंग सेक्शन में खड़ी कई गाड़ियों को बड़ा नुकसान हुआ. आग की सूचना लगते ही फैक्ट्री परिसर में अफरी तफरी का माहौल हो गया. बाद में दमकल को आग लगने की सूचना दी गई, इस पर करीब पांच दमकलों ने मशक्कत कर आग पर काबू पाया। आग लगने से अशोक लीलैंड कम्पनी में बड़े नुकसान की आशंका है.

अलवर में ट्रक व बस बनाने वाली फैक्ट्री में लगी भीषण आग
अलवर में ट्रक व बस बनाने वाली फैक्ट्री में लगी भीषण आग (फोटो ईटीवी भारत अलवर)

दमकल के फायर ऑफिसर अमित मीणा ने बताया कि शनिवार को देर सूचना मिली कि एमआइए में अशोक लीलैंड कम्पनी में भीषण आग लगी है. इस पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए. उन्होंने बताया कि आग फैक्ट्री के गेट नंबर दो के पास लगी, यहां पेंटिंग सेक्शन में वाहनों पर रंग-पेंट का कार्य किया जाता है. उन्होंने बताया कि करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. कम्पनी में अचानक आग लगने से किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है. पुलिस और प्रबंधन फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लगने के मामले की जांच कर रहे हैं. हालांकि घटना के दौरान प्लांट में श्रमिक कार्य कर रहे थे, लेकिन आग लगने की सूचना लगते ही वे सुरक्षित प्लांट से बाहर निकल गए.

आग की चपेट में आने से पेटिंग सेक्शन में खड़ी कई गाड़ियों को हुआ नुकसान
आग की चपेट में आने से पेटिंग सेक्शन में खड़ी कई गाड़ियों को हुआ नुकसान (फोटो ईटीवी भारत अलवर)

इसे भी पढ़ें: भिवाड़ी अग्निकांड में 9वीं मौत, दिल्ली के अस्पताल में एक और घायल ने तोड़ा दम

Last Updated : March 1, 2026 at 12:04 PM IST