गुरुग्राम डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में भीषण आग, रिकॉर्ड रूम में हजारों की संख्या में फाइलें जलने की आशंका
गुरुग्राम जिले में भीषण गर्मी के बीच कई जगहों पर आग लगने की जानकारी सामने आई है.

Published : May 24, 2026 at 4:50 PM IST
गुरुग्राम/अंबाला/हांसीः हरियाणा में भीषण गर्मी के बीच आग लगन की कई प्रमिख घटनाएं हुई है. गुरुग्राम के डिस्ट्रिक्ट कोर्ट परिसर में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब रिकॉर्ड रूम में भीषण आग लग गई. आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक दर्जन से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए गए.

हजारों की संख्या में फाइलें जलने की आशंकाः प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग कोर्ट के रिकॉर्ड रूम में लगी, जहां बड़ी संख्या में महत्वपूर्ण दस्तावेज और फाइलें रखी गई थीं. आशंका जताई जा रही है कि आग की चपेट में आने से हजारों जरूरी फाइलें और दस्तावेज प्रभावित हो सकते हैं. रविवार होने के कारण कोर्ट बंद था, जिसकी वजह से परिसर में लोगों की आवाजाही कम थी. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. दमकलकर्मी लगातार आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोकने और रिकॉर्ड रूम में मौजूद महत्वपूर्ण दस्तावेजों को सुरक्षित निकालने की कोशिश में जुटे हुए हैं.
अंबाला के एक गोदाम में लगी आगः भीषण गर्मी से जहां लोग त्राहिमाम त्राहिमाम कर रहे है तो ऐसे में भीषण गर्मी के चलते आग लगने की घटनाएं भी बढ़ गई है. ताजा मामला अंबाला के प्रेम नगर से सामान आया जहां पर एक घर में बने गोदाम में भयंकर आग लग गई. आग इतनी भयंकर थी कि आसपास के घरों में भी इसका प्रभाव पड़ा और उनकी तारें तक जल गई. आग लगते ही पास के जिम में मौजूद युवक केशव ने फायर विभाग और डायल-112 को सूचना दी. आग की ऊंची लपटें देख आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए. सूचना मिलते ही डायल 112 की गाड़ी और फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिश की गई.
ई-रिक्शा रिपेयरिंग के पार्ट्स पड़े थे गोदाम मेंः जानकारी के अनुसार, गोदाम मालिक डिंपल ई-रिक्शा रिपेयरिंग का काम करता है. गोदाम में रखी बैटरियां, सामान और साइकिलों के टूटे पार्ट्स आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गई हालांकि हादसे में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है.

शॉर्ट सर्किट से गारमेंट की दुकान में आगः हांसी के प्रताप बाजार स्थित एक गारमेंट की दुकान में रविवार को शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई. आग दुकान की दूसरी मंजिल पर लगी, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया. फायर ब्रिगेड अधिकारी ने बताया कि बाजार में लगी आग पर काबू पा लिया गया.

