चावड़ी बाजार में एक इमारत में लगी भीषण आग, दूर तक दिखी लपटें, मंत्री ने लिया जायजा
घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.

Published : May 4, 2026 at 6:51 AM IST
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में रविवार रात एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लग गई. जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. आग इमारत की तीसरी और संभवतः चौथी मंजिल तक फैल गई थी.
स्थानीय लोगों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया. जिस मकान में आग लगी है, उसकी चौथी मंजिल पर एक परिवार रहता है. इलाका गत्तों और शादी के कार्ड बनाने का बड़ा केंद्र है. पूरे चावड़ी बाजार में बिजली के तारों का घना जाल बिछा हुआ है. अग्निशमन विभाग के अधिकारी के मुताबिक, रविवार देर रात चावड़ी बाजार स्थित इमारत में आग लगने की सूचना मिली थी. सूचना पर दमकल की पांच गाड़ियों को मौके पर भेजा गया.
दिल्ली सरकार के मंत्री पहुंचे घटना स्थल पर
घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने अधिकारियों के साथ राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी. उन्होंने दिल्लीवासियों को आश्वस्त किया कि उनकी सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
#WATCH | Delhi: DFS Officer, Manish Kumar says, " this is the chawri bazaar area, and the building is of four floors. on the fourth floor, inside, there is a warehouse for wedding cards, which caught fire. the fire is under control right now. cooling is continuing. the fire has… https://t.co/xNbStMxLkN pic.twitter.com/FcOOZ8GXpR
— ANI (@ANI) May 3, 2026
मंत्री ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में जल्द ही एक व्यापक अभियान शुरू किया जाएगा, जिसके तहत इमारतों को आधुनिक फायर सेफ्टी उपकरणों से सुसज्जित किया जाएगा, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.
वही भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने बताया कि बल्लीमारान विधानसभा क्षेत्र स्थित 3796 चावड़ी बाजार की इमारत में लगी आग तेजी से फैल गई थी, हालांकि राहत की बात यह रही कि व्यापारी विपुल गोयल के 10 सदस्यीय परिवार को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी देखने को मिली. प्रवीण शंकर कपूर ने आरोप लगाया कि क्षेत्रीय विधायक इमरान हुसैन और पार्षद सादिक घटना स्थल से करीब 250 मीटर दूरी पर रहने के बावजूद दो घंटे बाद तक पीड़ित परिवार से मिलने नहीं पहुंचे. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है और संबंधित एजेंसियां जांच में जुटी हैं.

