ETV Bharat / state

गुरुग्राम के बैंक्वेट हॉल में भीषण आग, मचा हड़कंप, सिलेंडर ब्लास्ट से Fire की आशंका

गुरुग्राम के प्रकाश वाटिका बैंक्वेट हॉल में भीषण आग लग गई. सिलेंडर ब्लास्ट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है.

BANQUET HALL FIRE GURUGRAM
गुरुग्राम के बैंक्वेट हॉल में भीषण आग (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : February 13, 2026 at 10:01 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

गुरुग्राम: गुरुग्राम के सेक्टर-5 के पास शीतला माता रोड स्थित प्रकाश वाटिका बैंक्वेट हॉल में सोमवार सुबह करीब 3:15 बजे भीषण आग लग गई. प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है. शादी सीजन के चलते हॉल में भारी मात्रा में टेंट, लाइटिंग और सजावट का सामान लगा हुआ था, जिससे आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया. कुछ ही मिनटों में लपटें ऊंची उठने लगीं और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

छह दमकल गाड़ियां मौके पर: घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां और सिविल डिफेंस की रेस्क्यू टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं. दमकल कर्मियों ने लगातार करीब चार घंटे तक मशक्कत कर आग पर काबू पाया. सुबह सात बजे तक स्थिति नियंत्रण में बताई गई. आग के कारण आसपास के इलाके में घना धुआं फैल गया, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी हुई. पुलिस और प्रशासन ने एहतियातन आसपास के क्षेत्र को खाली करवाया और ट्रैफिक को डायवर्ट किया.

सिलेंडर ब्लास्ट की आशंका (ETV Bharat)

हॉल में कोई फंसा नहीं: सिविल डिफेंस के इंचार्ज के अनुसार घटना की सूचना करीब 3:30 बजे मिली थी. जिस समय आग लगी, उस समय हॉल खाली था क्योंकि शादी समारोह रात में ही समाप्त हो चुका था. आग बुझने के बाद राहत टीमों ने सघन सर्च अभियान चलाया ताकि किसी के फंसे होने की आशंका को पूरी तरह खत्म किया जा सके. फिलहाल किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है.

डेकोरेशन सामग्री से तेजी से भड़की आग: फायर अधिकारियों की मानें तो शादियों के पीक सीजन में हॉल में ज्वलनशील सजावटी सामग्री बड़ी मात्रा में मौजूद थी. टेंट, कपड़े, थर्मोकोल और लाइटिंग वायरिंग ने आग को तेजी से फैलने में मदद की. कुछ देर के भीतर पूरा हॉल आग की चपेट में आ गया. आसपास के मकानों में रहने वाले लोग सायरन की आवाज सुनकर बाहर निकले और उन्होंने देर रात तक हॉल में लाइट जलती देखे जाने की बात कही.

सिलेंडर ब्लास्ट की आशंका: प्रत्यक्षदर्शियों ने आग लगने के बाद जोरदार धमाकों की आवाज सुनने की पुष्टि की है. आशंका जताई जा रही है कि गैस सिलेंडर या इलेक्ट्रिकल उपकरणों में ब्लास्ट हुआ हो सकता है. सेक्टर-5 थाना पुलिस ने इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के सटीक कारण और नुकसान का आकलन जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा.

ये भी पढ़ें:पंजाब में विधायक खरीदने के आरोपों को हरियाणा CM ने बताया बेबुनियाद, बोले– पंजाब की जनता सब देख रही है, भाजपा खत्म करेगी गैंगस्टरवाद