वकील के घर में नकाबपोश ने लगाई आग, सीसीटीवी में कैद वारदात
गनीमत रही कि समय रहते घर वाले जाग गए, नहीं तो बड़ी घटना हो जाती.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : March 4, 2026 at 3:48 PM IST
गौरेला पेंड्रा मरवाही: गौरेला नगर के मंगली बाजार इलाके में वकील आशुतोष मिश्रा का मकान है. मंगलवार की देर रात जब पूरा परिवार घर में सो रहा था. किसी अज्ञात शख्स जो मुंह पर गमछा बांधे था वो पहुंचा और इलाके की रेकी करने लगा. जब अज्ञात शख्स को पूरी तरह से यकीन हो गया कि सभी लोग सो रहे हैं तो वो धीरे से वकील आशुतोष मिश्रा के घर के दरवाजे पर पहुंचा. किसी को कोई शक नहीं हो इसके लिए उसने दबे पांव अपने पास रखा संभवत: पेट्रोल निकाला और घर के बाहरी दरवाजे पर छिड़क दिया. पेट्रोल डालने के बाद आरोपी ने आग लगा दी. जैसे ही दरवाजे में आग भड़की, आरोपी वहां से भाग निकला. मौके पर लगे एक सीसीटीवी कैमरे में आरोपी की पूरी करतूत कैद हो गई है. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है.
वकील के परिवार को जिंदा जलाने की कोशिश
आरोपी ने वकील आशुतोष मिश्रा के परिवार को जिंदा जलाकर मारने की कोशिश क्यों कि इसका पता नहीं चल पाया है. गनीमत रही की आग लगते ही घर के लोग जाग गए और तुरंत दरवाजे में लगी आग को बुझाया. समय रहते अगर परिवार के लोग आग पर काबू नहीं पाते तो बड़ा हादसा हो सकता था. घर से उठती आग की लपटे और घर के भीतर लोगों के शोर सुनकर इलाके के लोग भी जमा हो गए.
दहशत में इलाके के लोग
आगजनी की इस घटना से वकील के परिवार वाले दहशत में हैं. स्थानीय लोगों में भी डर का माहौल है. पुलिस ने शिकायत दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. इलाके में लगे सभी सीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है. उम्मीद है कि जल्द से जल्द आरोपी को पकड़ लिया जाएगा. लोग ये जानना चाहते हैं कि आखिर क्यों किसी की इतनी खतरनाक रंजिश है कि वो सोते वक्त वकील के पूरे परिवार को जलाने पर उतारू हो गया.
जीपीएम से अंतर्राज्यीय पशु तस्कर गिरफ्तार, 70 मवेशियों के साथ कर रहे थे बॉर्डर पार
गौरेला पेंड्रा मरवाही में दो अलग अलग सड़क हादसे, रेलवे कर्मचारी और बुजुर्ग की मौत
होली से पहले बड़ी तस्करी का खुलासा, जीपीएम पुलिस ने मध्य प्रदेश की शराब की जब्त

