ETV Bharat / state

शादी की पहली सालगिरह पर उजड़ गई दुनिया, श्योपुर में पति के सामने पत्नी की दर्दनाक मौत

मंदिर दर्शन कर लौट रहे थे, ट्रैक्टर की टक्कर से गिरे पति-पत्नी, महिला के ऊपर से गुजर गया पहिया.

MARRIED WOMAN DIED ON ANNIVERSARY
श्योपुर में पति के सामने पत्नी की दर्दनाक मौत (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : February 21, 2026 at 8:09 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

श्योपुर : मध्य प्रदेश के श्योपुर में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना घटी. यहां के अगरा थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में नवविवाहिता की पहली सालगिरह के दिन पति के सामने ही मौत हो गई. इस घटना की जानकारी मिलते ही दोनों ही परिवारों में कोहराम मच गया. जानकारी मिलने के बाद अगरा थाना प्रभारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और विजयपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में महिला को भर्ती कराया था लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया और शव परिजनों को सुपर्द कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

महिला के ऊपर से निकला ट्रैक्टर का पहिया, मौके पर मौत

शादी की पहली सालगिरह पर नवविवाहिता की मौत के बाद पति गहरे सदमे में चला गया है. घटनान श्योपुर जिले के अगरा थाना क्षेत्र के पिपरवास गांव के पास की है. यहां बेकाबू ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आने से पति पत्नी सड़क पर जा गिरे थे तभी ट्रैक्टर ट्रॉली का पहिया महिला के ऊपर से गुजर गया.

घटना की जानकारी देते थाना प्रभारी (Etv Bharat)

मंदिर दर्शन कर लौट रहे थे

इस घटना में महिला के पति की जान बच गई और उसे हलकी चोटों आई हैं, लेकिन सालगिरह के दिन पत्नी के सामने ही गुजर जाने से कभी न भरने वाला जख्म मिल गया है. इस घटना के बाद ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर ट्रॉली को छोड़कर मौके से फरार हो गया. वहीं, पुलिस ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में जुटी हुई है.

सालगिरह पर मंदिर दर्शन कर घर लौट रहे थे पति-पत्नी

पिपरवास गांव निवासी देवेश धाकड़ खेती किसानी का काम करता है. परिजनों के मुताबिक सालगिरह के मौके पर देवेश पत्नी प्रियंका धाकड़ के साथ मंदिर गया था. दोनओं बाइक पर सवार थे और दर्शन कर लौट रहे थे। इसी दौरान पिपरवास गांव के पास दोनों को ट्रैक्टर ट्रॉली ने टक्कर मार दी. ट्रैक्टर के टायर की चपेट में आने से देवेश की पत्नी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

यह भी पढ़ें- श्योपुर में आसमां से उतरी परी, किसान का 12वीं पास बेटा हेलीकॉप्टर से लाया दुल्हनिया

अगरा थाना प्रभारी धर्मेंद्र शर्मा ने बताया, '' बबनवास की तरफ से पंचम धाकड़ अपनी ट्रैक्टर ट्रॉली को लेकर आ रहा था, जिससे देवेश टकरा गया और उसकी पत्नी सड़क पर नीचे गिर गई. तभी ट्रैक्टर ट्रॉली का पहिया उसपर चढ़ गया. मर्ग कायम कर जांच की जा रही है.''