तीन साल पहले किया था प्रेम विवाह, अब ट्रैक पर मिली लाश, हत्या का आरोप
मृतका के परिजनों का आरोप है कि विवाहिता को शादी के बाद से ही दहेज को लेकर परेशान किया जा रहा था.

Published : March 2, 2026 at 1:50 PM IST
|Updated : March 2, 2026 at 2:43 PM IST
भरतपुर: तीन साल पहले प्रेम विवाह करने वाली एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. युवती का शव रेलवे ट्रैक के पास मिलने के बाद सनसनी फैल गई. पहले शव की पहचान नहीं हो सकी और पुलिस ने उसे अज्ञात मानकर मॉर्चरी में रखवा दिया, लेकिन बाद में परिजन पहुंचे और उसकी पहचान की. मायके पक्ष ने युवती के पति और ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना के बाद हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर डालने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है. पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया.
चाचा नवल के अनुसार करही निवासी काजल कुमारी ने करीब तीन साल पहले हर्षित शर्मा से प्रेम विवाह किया था, जो गादोली गांव का निवासी है. आरोप है कि शादी के बाद से ही युवती को दहेज को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था और आए दिन विवाद होता रहता था.
पढ़ें: धौलपुर में गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
ऐसे हुआ खुलासा: मृतका के चाचा नवल सिंह ने बताया कि परिवार के लोग भट्ठे पर काम कर रहे थे. इसी दौरान हिंडौन की रेलवे पुलिस उनके घर पहुंची और बाद में भट्ठे पर आकर एक फोटो दिखाया. फोटो देखकर शक होने पर परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे, जहां शव की पहचान काजल कुमारी के रूप में हुई. परिजनों का आरोप है कि युवती की हत्या कर शव को गठरी बनाकर रेलवे ट्रैक पर डाल दिया गया. उन्होंने प्रशासन से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है. मामले में सीओ (एससी/एसटी) रामनाथ सिंह ने बताया कि 27 फरवरी को एक अज्ञात महिला का शव रेलवे ट्रैक के पास मिला था, जिसे शवगृह में रखवा दिया गया था. बाद में महिला के परिजन आए और उन्होंने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर डालने का आरोप लगाया. उन्होंने बताया कि इस संबंध में सेवर थाना में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है. शव का मेडिकल बोर्ड से पंचनामा और पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया.

