ETV Bharat / state

पति का दूसरी औरत से अफेयर का शक, विवाहिता ने दी जान, पीहर पक्ष ने लगाया प्रताड़ना का आरोप

पति पर शक और महिला ने दे दी जान. भड़के पीहर पक्ष के लोगों ने जमकर हंगामा किया और दामाद पर गंभीर आरोप लगाए...

Chittorgarh Crime
चित्तौड़गढ़ पुलिस अधीक्षक कार्यालय (ETV Bharat File Photo)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : May 25, 2026 at 2:53 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

चित्तौड़गढ़: जिले के रावतभाटा कस्बे में रहने वाली एक विवाहिता ने अपने पति के किसी अन्य महिला के साथ अवैध संबंध होने के शक में जान दे दी. कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.

इसके बाद पीहर पक्ष के लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया. पीहर पक्ष के लोगों ने जमकर हंगामा किया और दामाद पर गंभीर आरोप लगाए. पुलिस ने संदिग्ध मौत का प्रकरण दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया. मामले की जांच उपखंड अधिकारी रावतभाटा की ओर से की जा रही है.

रावतभाटा सीआई संजीव स्वामी ने बताया कि रावतभाटा निवासी लवली पत्नी कुलदीप प्रजापति को लेकर घटना की सूचना मिली थी. सूचना पर पुलिस इसके घर और चिकित्सालय पहुंची थी. पीहर पक्ष का आरोप है कि लवली प्रजापति को पिछले कुछ समय से अपने पति के चरित्र पर शक था. उसे अंदेशा था कि कुलदीप का किसी अन्य महिला के साथ अफेयर चल रहा है.

पढ़ें : पारिवारिक विवाद में महिला ने दी जान, परिजनों और पुलिसकर्मी पर धमकाने का मुकदमा दर्ज

इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद और मानसिक तनाव रहता था. इस मानसिक प्रताड़ना और अविश्वास से तंग आकर लवली ने जान देने की कोशिश की. उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, तो पति कुलदीप उसे आनन-फानन में कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर आया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.

लवली की मौत की सूचना मिलते ही पीहर पक्ष में आक्रोश व्याप्त हो गया. बड़ी संख्या में पीहर पक्ष के लोग चिकित्सालय पहुंचे और हंगामा खड़ा कर दिया. पीहर पक्ष ने चिकित्सालय परिसर में ही ससुराल पक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और भारी हंगामा किया. आक्रोशित परिजनों ने पति को अपनी पत्नी के शव के पास जाने और उसे हाथ तक नहीं लगाने दिया.

पीहर पक्ष ने बाद में रावतभाटा थाना पुलिस को रिपोर्ट दी. रावतभाटा थानाधिकारी संजीव स्वामी ने बताया कि पुलिस ने रविवार को संदिग्ध मौत का मामला दर्ज कर लिया है. शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया. विवाहिता की शादी को 7 साल से कम समय ही हुआ है. ऐसे में मामले का अनुसंधान रावतभाटा उपखंड अधिकारी प्रीति व्यास की ओर से किया जा रहा है.