विवाहित शख्स ने अफेयर के चलते वीडियो बनाकर दी जान, पत्नी ने की लड़की पर कार्रवाई की मांग
अफेयर के चलते शख्स के आत्महत्या का मामला. मंगलवार को पोस्टमार्टम के पहले युवक के परिजनों ने एक युवती के खिलाफ शिकायत दी है.

Published : December 30, 2025 at 4:47 PM IST
कोटा: शहर के गुमानपुरा थाना इलाके में अफेयर के चलते एक शख्स के आत्महत्या करने का मामला सामने आया है. वह बीते 10 सालों से अपने ससुराल में ही परिवार के साथ रह रहा था, जिसका पड़ोस में एक युवती से अफेयर हो गया था. मृतक शख्स ने जान देते समय एक वीडियो भी बनाया है, जिसमें वह युवती से बात कर रहा था. परिजनों के पास युवती के धमकाने के ऑडियो-वीडियो मौजूद हैं.
गुमानपुरा थाने के सहायक उपनिरीक्षक होशियार सिंह ने बताया कि सोमवार को थाना इलाके की एक कॉलोनी में शख्स ने आत्महत्या कर ली थी. उसके शव को एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया था. मंगलवार पोस्टमार्टम करवा दिया है. परिजनों ने इस संबंध में शिकायत दी है, जिस पर जांच की जाएगी. मृतक की साली ने बताया कि 10 साल पहले उसकी बड़ी बहन ने झालावाड़ जिले के बीरमचंद से प्रेम विवाह किया था. दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली. इसके बाद वह कोटा में हमारे घर पर ही रहने लगे थे.
उसकी बहन और जीजा के चार बच्चे हैं. बीते कुछ दिनों से पड़ोस में ही रहने वाली एक लड़की से उसके जीजा का अफेयर हो गया था. वह लड़की उसके जीजा को ब्लैकमेल कर रही थी. इसी के चलते उसके जीजा ने घटना के समय का वीडियो भी बनाया है, तब भी उस लड़की से बातचीत कर रहे थे. लड़की का ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग है, जिसमें वह धमका रही है. इस मामले में वह मेरे जीजा बीरमचंद से पैसे मांग रही है. पैसा नहीं देने पर वह मेरी बहन को पूरी बात बताने की बात कहकर धमका रही है. हम इस पूरे मामले में जीजा की मौत के लिए उस लड़की को जिम्मेदार मानते हैं और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए.
मृतक की पत्नी का कहना है कि उन्हें अफेयर के संबंध में कोई जानकारी नहीं थी. बिरमचंद ने इस मामले में कभी नहीं बताया है. हमारा पड़ोस में किसी से झगड़ा भी नहीं था और किसी तरह का कोई मामला नहीं था. मेरे ससुराल पक्ष के लोग भी हमें परेशान नहीं करते थे. हम कभी ससुराल चल जाते थे, तब भी वह ठीक से ही रहते थे. अब मेरे चारों बच्चों का क्या होगा? यह लड़की मेरे पति को ब्लैकमेल कर रही थी. उसी ने मेरा सुहाग उजाड़ा है. ऐसे में कार्रवाई होनी चाहिए.

