ETV Bharat / state

केदारनाथ यात्रा तैयारियों के लिए 15 मार्च डेडलाइन, लापरवाही पर दर्ज होगी FIR

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने आज रुद्रप्रयाग से गौरीकुंड होते घोड़ापड़ाव तक यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया.

KEDARNATH YATRA 2026
केदारनाथ यात्रा तैयारियों के लिए 15 मार्च डेडलाइन (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : February 28, 2026 at 6:57 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

रुद्रप्रयाग: केदारनाथ धाम यात्रा 2026 को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और स्वच्छ बनाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है. जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने रुद्रप्रयाग से गौरीकुंड होते हुए घोड़ा पड़ाव तक यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए. स्पष्ट चेतावनी दी गई कि 15 मार्च तक यात्रा से जुड़े सभी आवश्यक कार्य हर हाल में पूरे हों, अन्यथा संबंधित ठेकेदारों और जिम्मेदार अधिकारियों पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी.

निरीक्षण के दौरान डीएम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-107 पर भू-स्खलन और भू-धंसाव संभावित क्षेत्रों बांसवाड़ा, काकड़ागाड़, गुप्तकाशी तिराहा, बड़ासू, खुमेरा, मैंखंडा, रामपुर और मुनकटियाकृका जायजा लिया. उन्होंने सड़क पर पड़े मलबे को तत्काल हटाने, सिंकिंग जोन में ट्रीटमेंट कार्य तेज करने तथा संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा इंतजाम पुख्ता करने के निर्देश दिए. डीएम ने दो टूक कहा कि यात्रा शुरू होने से पहले सड़क पर किसी भी प्रकार का अवरोध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

राष्ट्रीय राजमार्ग की अधिग्रहित भूमि पर अतिक्रमण की समीक्षा करते हुए बाजार क्षेत्रों में अवैध कब्जों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई के आदेश दिए गए. साथ ही चट्टानों में फंसे पत्थरों को हटाने, पैचवर्क, झाड़ी कटान, साइनेज, क्रैश बैरियर और सौंदर्यीकरण कार्य समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए गए. जिन कार्यों के लिए शासन स्तर से बजट की आवश्यकता है, उनकी रिपोर्ट 15 दिनों के भीतर प्रस्तुत करने को कहा गया है.

स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए यात्रा मार्ग पर स्थायी व मोबाइल शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था, नियमित साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति और महत्वपूर्ण स्थलों पर सोलर लाइट लगाने के निर्देश दिए गए. डीएम ने सीतापुर पार्किंग का निरीक्षण कर शटल सेवा, मैकेनिक, कैंटीन, शौचालय और पुलिस चेकपोस्ट की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है. वहीं तप्तकुंड (गौरीकुंड) में यात्रियों के लिए चेंजिंग रूम, स्वच्छता और सुरक्षा प्रबंध दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए. पैदल मार्ग पर बैरिकेडिंग और विश्राम स्थलों पर बेंच लगाने को भी कहा गया है.

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप प्रशासन केदारनाथ यात्रा 2026 को ग्रीन, स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. संदेश साफ है कि डेडलाइन तय है. लापरवाही पर सख्त कार्रवाई होगी. निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर, जिला पंचायत सदस्य अमित मैखंडी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे.

पढे़ं- केदारनाथ यात्रा 2026: 26 फरवरी से शुरू होगा घोड़े-खच्चरों का रजिस्ट्रेशन अभियान

पढे़ं- 'जाम मुक्त चारधाम यात्रा' की कोशिशें तेज, सड़कों पर उतरे डीएम, ऑन हुआ बुलडोजर मोड