कांकेर में माओवादियों का लगाया आईईडी डिफ्यूज, हिदूर के जंगल में लगाया गया था सीरीज में टिफिन बम
सर्चिंग अभियान के दौरान बम निरोधक दस्ते ने तीनों बमों को मौके पर भी नष्ट कर दिया.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : June 3, 2026 at 8:10 PM IST
कांकेर: बस्तर से नक्सलवाद खत्म हो चुका है. माओवाद खत्म होने के बाद अब भी जवानों के सामने एक बड़ी चुनौती बनी हुई है. माओवादियों ने जंगल और सड़कों के नीचे जो पूर्व में जवानों को निशाना बनाने के लिए बम लगा रखे थे, उनकी खोज जारी है. बमों को खोजना और उनको मौके पर ही डिफ्यूज करना एक बड़ी चुनौती है. फोर्स का बम निरोधक दस्ता लगातार इस काम में लगा हुआ है. एंटी सर्चिंग ऑपरेशन के दौरान जवान रोज जंगल, पगडंडी और सड़कों को सुरक्षित करने के लिए डिमाइनिंग के काम पर निकलते हैं. इस अभियान को लगातार सफलता भी मिल रही है.
फोर्स ने तीन आईईडी को किया डिफ्यूज
बुधवार को उत्तर बस्तर कांकेर के छोटेबेठिया थाना इलाके के ग्राम हिदूर में तीन टिफिन IED बरामद किए. जिन्हें समय रहते फोर्स ने मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया. कांकेर एसपी निखिल राखेचा ने बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में जिला पुलिस, बीएसएफ और बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) की संयुक्त टीम ने बुधवार को ग्राम हिदूर के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया. सर्चिंग के दौरान जवानों को तीन टिफिन IED मिले. जिनका वजन लगभग तीन-तीन किलोग्राम था.
जंगल में डिमाइनिंग का काम लगातार जारी है. हमारी कोशिश है कि हम पूरे इलाके को सुरक्षित करें और जहां कहीं भी बम लगा हो सकता है उसे खोज निकालें. हमारा सर्चिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा: निखिल राखेचा, एसपी, कांकेर
बीडीएस टीम को मिली सफलता
एसपी निखिल राखेचा ने बताया कि प्रारंभिक अनुमान के अनुसार माओवादियों ने सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से इन विस्फोटकों को जंगल क्षेत्र में छिपाकर रखा था. बरामद IED को बीडीएस टीम ने मौके पर ही सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर नष्ट कर दिया. इस कार्रवाई में बीएसएफ और बीडीएस टीम के अधिकारियों एवं जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. एसपी ने कहा कि लगातार हो रही कार्रवाई से नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लग रहा है और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सर्चिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा.
छत्तीसगढ़ में 27 हजार से ज्यादा पेंशनधारी परेशान, केंद्र की राशि अटकी तो शुरू हुआ DLC सत्यापन का काम
पहले नेताजी पार्टी से हुए आउट, फिर ढोल नगाड़ों के साथ वेलकम, कांग्रेस का बड़ा फैसला
नगर पंचायत उपचुनाव 2026: कांग्रेस ने उठाए ईवीएम पर सवाल, पुनर्मतदान की मांग

