उत्तराखंड बीजेपी में शामिल हुए कांग्रेस समेत अन्य दलों के सैकड़ों कार्यकर्ता, पटका पहनाकर दिलाई सदस्यता
देहरादून में विभिन्न दलों के सैकड़ों महिला व युवा कार्यकर्ताओं ने बीजेपी की सदस्यता ली, बीजेपी की मिशन 2027 की तैयारी तेज

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : February 27, 2026 at 7:04 PM IST
देहरादून: उत्तराखंड में अगले साल यानी 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं. ऐसे में अब एक साल से भी कम का वक्त बचा है. लिहाजा, अभी से ही तमाम राजनीतिक दलों ने कमर कस रही है. जिसके तहत राजनीतिक पार्टियां एक-दूसरे के नेताओं और कार्यकर्ताओं को अपनी-अपनी पार्टी में शामिल करवा कर अपना कुनबा बढ़ाने में जुटी हैं. इसी कड़ी में देहरादून में विभिन्न दलों के सैकड़ों महिला और युवा कार्यकर्ताओं ने बीजेपी ज्वॉइन की. उन्हें बीजेपी का पटका पहनाकर सदस्यता दिलाई गई.
बीजेपी की सदस्यता लेकर नए सियासी सफर पर निकले अन्य दलों के कार्यकर्ता: बता दें कि देहरादून स्थित बीजेपी प्रदेश कार्यालय में 27 फरवरी को आयोजित कार्यक्रम में राजनीति का बदला हुआ मिजाज देखने को मिला. जहां कांग्रेस, बसपा, यूकेडी और अन्य दलों से जुड़े सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बीजेपी की सदस्यता लेकर नए सियासी सफर की शुरुआत की.
इस दौरान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि कुमाऊं से लेकर गढ़वाल तक सरकार के विकास कार्यों और संगठन की सक्रियता से लोग प्रभावित हो रहे हैं, इसी वजह से लगातार बड़ी संख्या में लोग बीजेपी से जुड़ रहे हैं. उन्होंने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए पार्टी ने विधानसभावार दो से तीन हजार नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने का लक्ष्य तय किया है.
इसमें विधायकों की भूमिका अहम होगी. उन्होंने कहा कि आज की यह ज्वॉइनिंग साबित करती है कि जनता का भरोसा लगातार बीजेपी के साथ मजबूत हो रहा है. वहीं, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार और राजपुर विधायक खजान दास ने नए सदस्यों का फूलमाला व पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया. वहीं, उन्होंने सभी नवागंतुकों को संगठन में सम्मान और जिम्मेदारी देने का भरोसा दिलाया.
सरकार के कामों से प्रभावित होकर बीजेपी ज्वॉइन कर रहे लोग: महेंद्र भट्ट ने आगे कहा कि इससे पहले हल्द्वानी, रुद्रपुर, पिथौरागढ़, हरिद्वार और गढ़वाल क्षेत्र में भी हजारों लोग पार्टी से जुड़ चुके हैं. सदस्यता अभियान के दूसरे चरण में पूरे प्रदेश में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. मंडल और बूथ स्तर के कार्यकर्ता भी सरकार के कामों से प्रभावित होकर बीजेपी के साथ जुड़ रहे हैं.
क्या बोले बीजेपी प्रदेश महामंत्री? बीजेपी प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने पार्टी की विचारधारा और संगठनात्मक संरचना पर फोकस करते हुए कहा कि बीजेपी कार्यकर्ता आधारित दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है. केंद्र और राज्य में लगातार मिल रही सफलता जनता के भरोसे का प्रमाण है. उन्होंने नए सदस्यों से संगठन को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया.

कांग्रेस, बसपा, स्वराज सेवा समेत अन्य दलों के कार्यकर्ताओं ने ली सदस्यता: इस दौरान कांग्रेस, बसपा, स्वराज सेवा दल और अन्य दलों से जुड़े कई प्रमुख कार्यकर्ताओं ने भी पार्टी की सदस्यता ली. विशेष रूप से मातृशक्ति और जेन जी युवाओं की भागीदारी ने कार्यक्रम को खास बना दिया. कार्यक्रम में युवाओं ने विकसित उत्तराखंड और मजबूत भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का भरोसा जताया.
बीजेपी को जमीनी स्तर पर किया जाएगा मजबूत: बीजेपी पार्टी ज्वॉइनिंग कार्यक्रम में काफी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक भी मौजूद रहे. संगठन नेतृत्व ने इसे मिशन 2027 की दिशा में एक मजबूत कदम बताया. बीजेपी नेताओं का कहना है कि आने वाले समय में पूरे प्रदेश में इस तरह के कार्यक्रम और तेज किए जाएंगे. ताकि, बीजेपी को जमीनी स्तर पर और ज्यादा मजबूती मिल सके.
ये भी पढ़ें-

