बिहार में दर्दनाक हादसा, बेटी का तिलक चढ़ाकर लौट रहे पिता समेत तीन की मौत, दो की हालत नाजुक
पूर्णिया में शादी की खुशियों में मातम छा गया. तिलक चढ़ाकर लौट रहे दुल्हन के पिता समेत तीन लोगों की हादसे में मौत हो गई.

Published : February 14, 2026 at 11:34 AM IST
पूर्णिया: बिहार के पूर्णिया जिले के सरसी थाना क्षेत्र अंतर्गत रघुनाथपुर में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. तेज रफ्तार ट्रक और ऑटो की आमने-सामने की टक्कर हुई है, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. ऑटो में कुल 7 लोग सवार थे, जिनमें दो गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
तिलक समारोह से लौट रहा था परिवार: मृतक और घायल सभी धमदाहा थाना क्षेत्र के कुवारी गांव के निवासी हैं. मृतकों में जागो ऋषि, कृष्णा ऋषि और कंचन देवी शामिल है. जागो ऋषि अपनी बेटी के शादी का तिलक चढ़ाकर परिवार के साथ पटना रेका गांव से ऑटो से वापस लौट रहे थे. खुशी के माहौल में अचानक यह हादसा हो गया, जिससे पूरा परिवार सदमे में है. मृतक जागो ऋषि सहित उनके परिवार के अन्य सदस्यों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.
परिवार की खुशी मातम में बदली: मृतका कंचन देवी के पति मोती ऋषि ने बताया कि पूरा परिवार तिलक समारोह में शामिल होने गया था. वापसी के दौरान यह हादसा हुआ, जिससे घर में खुशी का माहौल एक पल में मातम में बदल गया.
"सभी लोग कुंवारी गांव से तिलक लेकर धमधाहा थाना क्षेत्र के पटना रेका गांव ऑटो से गए हुए थे. वापस गांव लौटने के दौरान सरसी थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर के पास तेज रफ्तार से आ रही ट्रक ने ऑटो में टक्कर मार दी. जिससे तीन लोगों की मौत घटनास्थल पर हो गई. वहीं दो बुरी तरह जख्मी है, मृतक सभी एक ही परिवार के हैं."-मोती ऋषि, मृतिका के पति
ट्रक चालक फरार: ट्रक चालक टक्कर मारने के बाद वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने ट्रक को जब्त करने की कोशिश की, लेकिन चालक अब तक नहीं मिला है. घटना के बाद आसपास के इलाके में लोगों में आक्रोश है और पुलिस जांच में जुटी हुई है.
घटना के बाद मचा कोहराम: हादसे की सूचना मिलते ही सरसी थाना प्रभारी राजू कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची. तीन शव मौके पर ही मिले, जबकि दो घायलों को तत्काल पूर्णिया मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. दो अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जिनका स्थानीय अस्पताल में उपचार हो रहा है.
"जानकारी मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची, वहां पर तीन लोग मृत अवस्था में थे. वहीं दो की स्थिति नाजुक थी. जिसे पुलिस ने इलाज के लिए पूर्णिया मेडिकल कॉलेज पहुंचाया और दो लोगों को साधारण चोट लगी थी. ट्रक ड्राइवर ट्रक लेकर फरार हो गया है, उसकी तलाश की जा रही है."-राजू कुमार, थाना प्रभारी, सरसी
प्रशासन की ओर से जांच जारी: पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. घायलों की हालत पर नजर रखी जा रही है. प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को मुआवजे और सहायता का आश्वासन दिया है.
ये भी पढ़ें-
बिहार में बस और कार की भीषण टक्कर, दो की मौके पर मौत.. गैस कटर से निकाले गए शव
बिहार में हादसों में 15 लोगों की मौत, गोपालगंज में बाप-बेटी की गयी जान
बिहार में दर्दनाक हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से कार के उड़े परखच्चे, चार श्रद्धालुओं की मौत

