ETV Bharat / state

प्रेम संबंधों को लेकर परिवार उठा रहे हैं खौफनाक कदम, पिटाई से लेकर हत्या तक को दिया जा रहा अंजाम

प्रेम संबंध को लेकर पलामू में कई हत्याएं हो रही हैं. परिवार वाले ही ऐसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं.

Murder in love Affairs
कॉन्सेप्ट इमेज (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : February 25, 2026 at 7:36 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पलामू: झारखंड के पलामू में प्रेम संबंधों को लेकर परिवार खौफनाक कदम उठा रहे हैं. प्रेमियों की हत्याएं तक हो रही हैं. सामाजिक पंचायतों में भी प्रेमी जोड़ों को सजा दी जा रही है और मारपीट भी की जाती है. पिछले छह महीनों में पलामू में मॉब लिंचिंग से लेकर ऑनर किलिंग तक की घटनाएं हुई हैं. जिले में हर महीने प्रेम संबंधों से जुड़ी दो से तीन घटनाएं सुर्खियों में रहती हैं.

2025 में पलामू में 103 हत्याएं हुईं, जिनमें से 30 से ज्यादा प्रेम संबंध और अनैतिक संबध से जुड़ी थीं. 2026 में, 2016 के बाद पहली मॉब लिंचिंग में हत्या हुई. पलामू पुलिस के पास हर हफ्ते प्रेम संबंध की 20 से 25 शिकायतें मिलती हैं. महिला थाने में पति-पत्नी को प्रेम संबंधों को लेकर सबसे ज्यादा शिकायतें आती हैं.

जानकारी देती पलामू एसपी (Etv Bharat)

केस स्टडी 01

22 फरवरी, 2026 को पलामू के पड़वा थाना इलाके के तेलियाही में बैटरी चोरी के आरोप में एक युवक की लिंचिंग कर दी गई. इस घटना में युवक की मौत हो गई. पुलिस ने जब मामले की जांच की तो पता चला कि लड़का एक लड़की से मिलने गया था, तभी उसके घरवालों ने उसे पकड़ लिया. बाद में उस पर चोरी का इल्जाम लगाकर पीटा गया, जिससे उसकी मौत हो गई. प्रेम संबंधों को छिपाने के लिए बैटरी चोरी का आरोप लगाया गया था.

केस स्टडी 02

अगस्त 2025 में पलामू के तरहसी थाना इलाके में एक लड़के और लड़की का शव कुएं से बरामद हुआ. लड़की के घरवालों ने उन्हें मिलते हुए देख लिया था. जिसके बाद दोनों की पकड़कर हत्या कर दी और शव कुएं में फेंक दिया. घरवालों ने उनके प्रेम संबंध को छिपाने के लिए ऑनर किलिंग कर दी.

परिवार छिपाता है तथ्य, पुलिस जांच में निकलती है प्रेम संबंध की बात

पुलिस जांच में कई बातें सामने आई हैं. मारपीट और आपसी झगड़ों की कई शिकायतों में प्रेम संबंधों की बातें सामने आई हैं. महिला थाने में पति-पत्नी के झगड़े की सबसे आम वजह प्रेम संबंध है. शिकायतों के दौरान अक्सर पुलिस से तथ्य छिपाए जाते हैं. जब पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच करती है तो विवाद का जड़ प्रेम संबंध ही निकलता है.

"हाल के दिनों में मारपीट की कई घटनाओं में प्रेम संबंधों के मामले निकलकर सामने आए हैं, जबकि पड़वा थाना इलाके में हाल ही में हुई एक घटना की जांच में भी प्रेम संबंध का मामला सामने आया. पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि अगर उन्हें कोई समस्या है तो पुलिस से संपर्क करें. अगर मुकदमा दर्ज होने की स्थिति है तो पुलिस केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई करेगी. अगर काउंसलिंग की जरूरत पड़ी तो पुलिस काउंसलिंग भी करेगी. महिला थाने में पुलिस न सिर्फ काउंसलिंग करती है बल्कि कार्रवाई भी करती है. लगातार लोगों से अपील की जा रही है कि वे कानून अपने हाथ में न लें." - रीष्मा रमेशन, एसपी

यह भी पढ़ें:

पलामू मॉब लिंचिंग: पुलिस को गुमराह करने के लिए लगाया गया बैटरी चोरी का आरोप, दो आरोपी गिरफ्तार

पलामू में मॉब लिंचिंग, लड़की से मिलने गया था युवक, बैट्री चोर बोल कर लोगों ने पीट-पीट कर मार डाला

मॉब लिंचिंग के बाद बंगाल भाग गया था आरोपी, ट्रेन से उतरते ही हुआ गिरफ्तार