ETV Bharat / state

खाटू श्याम फाल्गुनी मेला: भीड़ को लेकर कई व्यवस्थाएं, अफवाहों और भ्रामक दावों से सावधान रहने की अपील

खाटू श्याम में फाल्गुनी मेले में भक्तों के लिए कई व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि सभी को सुगम दर्शन हो सकें.

खाटू श्याम मंदिर में भक्तों की भीड़
खाटू श्याम मंदिर में भक्तों की भीड़ (ETV Bharat Sikar)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 22, 2026 at 1:29 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

सीकर: देशभर में आस्था के प्रमुख केंद्रों में शुमार खाटू श्याम मंदिर में आयोजित फाल्गुनी मेले के दौरान इस वर्ष प्रशासन की ओर से की गई सुदृढ़ व्यवस्थाओं के चलते श्याम भक्तों को सुगम एवं शीघ्र दर्शन का लाभ मिल रहा है. लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा और पार्किंग व्यवस्था को सुनियोजित ढंग से संचालित किया है.

मेला मजिस्ट्रेट एवं दांतारामगढ़ एसडीएम मोनिका सामोर ने जानकारी देते हुए बताया कि रींगस से पैदल आने वाले श्रद्धालुओं को लगभग 17 किलोमीटर की यात्रा तय करनी पड़ती है. प्रशासन द्वारा बनाए गए रूट प्लान के तहत खाटू में मंदिर परिसर तक अधिकतम 3 से 4 किलोमीटर का अतिरिक्त मार्ग ही तय करना पड़ रहा है. इस प्रकार कुल मिलाकर रींगस से मंदिर परिसर तक करीब 20 से 22 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद भक्तों को सुगम दर्शन हो रहे हैं. उन्होंने बताया कि एकादशी और द्वादशी के दिन श्रद्धालुओं की संख्या में अत्यधिक वृद्धि के कारण यह रूट बढ़कर 26 से 28 किलोमीटर तक हो सकता है.

इसे भी पढ़ें- खाटूश्यामजी फाल्गुनी लक्खी मेला आज से, 8 दिन नजर आएगा आस्था का सैलाब, जानें भक्तों के लिए क्या रहेगा खास

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था: एसडीएम ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैल रही अफवाहों एवं भ्रामक दावों पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें. प्रशासन का उद्देश्य है कि सभी श्याम भक्तों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित दर्शन मिल सकें. उन्होंने बताया कि मेले को 22 सेक्टरों में विभाजित किया गया है, जिससे भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाया जा सके. सुरक्षा के मद्देनजर 5000 से अधिक पुलिस और सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं. पूरे मेला क्षेत्र में 400 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनसे हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है. इसके अतिरिक्त 6 ड्रोन कैमरों के माध्यम से भीड़ और यातायात की निगरानी की जा रही है.

पार्किंग की व्यवस्था: मेला मजिस्ट्रेट ने जानकारी दी कि श्रद्धालुओं की सहायता के लिए 12 पुलिस सहायता बूथ स्थापित किए गए हैं. पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए 40 बीघा क्षेत्र में न्यू होल्डिंग एरिया बनाया गया है, जहां लगभग 25 हजार वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है. पार्किंग को 4 रंग कोडेड श्रेणियों में विभाजित किया गया है, ताकि वाहन चालकों को भ्रम की स्थिति का सामना न करना पड़े.

इसे भी पढ़ें- श्याम भक्ति का अनूठा दर्शनः 6 साल 95 हजार किलोमीटर का सफर, चंद्रप्रकाश हर महीने मुंबई से पैदल चलकर पहुंचते हैं खाटू के द्वार

श्रद्धालु के लिए सुविधाएं: इसके अलवा मंदिर तक पहुंचने में सहूलियत के लिए 2000 ई-रिक्शा संचालित किए जा रहे हैं, जो बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए विशेष रूप से सहायक साबित हो रहे हैं. चिकित्सा सुविधाओं के तहत 12 मेडिकल शिविर लगाए गए हैं, जिनमें 325 चिकित्साकर्मी तैनात हैं. आपात स्थिति से निपटने के लिए 22 एंबुलेंस 24 घंटे उपलब्ध हैं.