प्रोफेसर मनोज दयाल ने संभाला कुलपति पद, कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता विवि को मिला नया नेतृत्व
प्रोफेसर मनोज दयाल ने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता विश्वविद्यालय के कुलपति का पद संभाल लिया है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 20, 2026 at 8:15 PM IST
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय को नया कुलपति मिल गया है. शुक्रवार को मीडिया शिक्षाविद प्रो. मनोज दयाल ने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के नए कुलपति के रूप में पदभार संभाल लिया. उन्होंने पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर यह जिम्मेदारी संभाली है. इस अवसर पर रायपुर के संभागायुक्त महादेव कावरे जो इस यूनिवर्सिटी के वर्तमान चांसलर थे, उन्हें विदाई दी गई.
मनोज दयाल ने कुशाभाऊ ठाकरे को किया नमन
पदभार ग्रहण करने के बाद प्रो. मनोज दयाल ने विश्वविद्यालय के प्रेरणापुरुष और अद्भुत संगठन शिल्पी कुशाभाऊ ठाकरे की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया. उन्होंने ठाकरे के त्याग और सादगी के आदर्शों को संस्थान के लिए मार्गदर्शक बताया. उसके बाद प्रो. दयाल ने विश्वविद्यालय की प्रशासनिक और अकादमिक व्यवस्थाओं की प्रारंभिक समीक्षा की और इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के प्रति अपना सादर आभार प्रकट किया.
नए कुलपति ने छात्रों से किया संवाद
पदभार ग्रहण करने के बाद कुलपति मनोज दयाल ने यूनिवर्सिटी का दौरा किया. इसके बाद वे विश्वविद्यालय की लाइब्रेरी पहुंचे. उन्होंने रिसर्च और पीजी के विद्यार्थियों से मुलाकात कर उनके शैक्षणिक अनुभवों पर चर्चा की. उन्होंने विश्वविद्यालय के सामुदायिक रेडियो स्टेशन 'रेडियो संवाद 90.8 एफएम' में अपना शुभकामना संदेश रिकॉर्ड किया और टेलीविजन स्टूडियो और संकाय भवनों के बुनियादी ढांचे का निरीक्षण किया. उन्होंने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया और शिक्षा की गुणवत्ता पर जोर दिया.
नए कुलपति को लेकर कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के छात्रों में उत्साह देखा गया. विश्वविद्यालय के समस्त विभागाध्यक्षों, प्राध्यापकों, अधिकारियों और कर्मचारी संघ ने प्रो. दयाल का गर्मजोशी से स्वागत और अभिनंदन किया.

