ETV Bharat / state

न्यू ईयर की रात मंदसौर में तड़ातड़, गोल्ड कारोबारी और पत्नी की हत्या, घर में मिला एक और शव

मंदसौर में साल के आखिरी दिन गोल्ड कारोबारी के घर चली गोलियां, घर पर मिले तीन शव, मामले की जांच में जुटी पुलिस.

MANDSAUR GOLD TRADER HOUSE FIRING
मंदसौर में न्यू ईयर की रात चली गोलियां, (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : January 1, 2026 at 10:04 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

मंदसौर: साल 2025 के आखिरी दिन जहां पूरी दुनिया शोर-शराब और नए साल के जश्न में मशगूल थी, तो वहीं दूसरी तरफ मंदसौर के एक घर में गोलियां चली. जब पुलिस ने घर के अंदर जाकर देखा तो पाया वहां तीन लोगों के शव खून से लथपथ पड़े हुए हैं. घटना में व्यापारी और उसकी पत्नी के अलावा एक और शख्स का शव मिला है. पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है.

31 दिसंबर की रात, मंदसौर में गोलियों की आवाज

साल के आखिरी दिन जब पूरा इलाका न्यू ईयर सेलिब्रेट कर रहा था, इसी दौरान मंदसौर के गोल चौराहा इलाके में दिलीप ऑटो एजेंसी के मालिक दिलीप जैन के घर से आई अचानक गोलियों की आवाजों से इलाके के लोग थर्रा उठे. इस घटना के तत्काल बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने शहर के बड़े व्यवसायी दिलीप जैन और उनकी पत्नी रेखा जैन के अलावा एक और युवक का खून से लथपथ शव बरामद किया है. इसके साथ ही पुलिस ने घटनास्थल से एक रिवाल्वर और चाकू भी बरामद किया है. तीसरे युवक की पहचान राजस्थान के निंबाहेड़ा निवासी विकास सोनी नाम से हुई है.

मंदसौर हत्याकांड पर एसपी का बयान (ETV Bharat)

पैसे के लेनदेन से जुड़ा विवाद, जताई आशंका

बताया जा रहा है कि दिलीप जैन और विकास सोनी सर्राफा कारोबार से भी जुड़े हुए थे. इसी सिलसिले में लंबे समय से दोनों के बीच पैसों की बड़ी लेनदेन को लेकर विवाद भी हुए हैं. घटना बुधवार की रात 8:30 बजे की बताई जा रही है. जहां विकास सोनी व्यापारी दिलीप जैन के घर पहुंचा. वहां उसने व्यवसायी दिलीप और पत्नी रेखा जैन को गोली मारी. इसके बाद विकास ने आत्महत्या कर ली. हालांकि अभी मामले की सही जानकारी सामने नहीं आई है. जिसकी प्रशासनिक पुष्टि हुई हो.

पुलिस को घटनास्थल से गन और चाकू बरामद

वहीं गोली चलने की जानकारी मिलने के बाद एसपी विनोद कुमार मीणा और पुलिस का भारी अमला मौके पर पहुंचा. जहां तीनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच शुरू कर दी है. आसपास लगे डीवीआर को बरामद कर उनके सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है. इस घटना के बाद पूरे शहर में सनसनी फैल गई.

MANDSAUR GOLD TRADER MURDER
पत्नी रेखा के साथ कारोबारी दिलीप जैन (ETV Bharat)

मंदसौर एसपी विनोद कुमार मीणा ने बताया कि "शहर के ऑटो व्यवसायी दिलीप जैन और उनकी पत्नी की हत्या का मामला सामने आया है. पुलिस ने घटनास्थल से एक रिवाल्वर और एक चाकू भी बरामद किया है. घटना में निंबाहेड़ा निवासी एक युवक की भी मौत हुई है.

उन्होंने कहा कि मामले की बारीकी से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच के बाद ही कुछ कह पाएंगे." अभी घटना का कारण स्पष्ट नहीं है. उन्होंने दोनों व्यक्तियों के बीच आपसी लेनदेन होने की आशंका जताई है.