ETV Bharat / state

मंडला के दूरदराज गांव में खुला 30 बिस्तरों का अस्पताल तो खुशी से झूम उठे ग्रामीण

मंडला जिले के आदिवाासी क्षेत्र अंजनिया के साथ ही मधपुरी और हिर्दयनगर को भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का तोहफा.

Mandla Villages hospitals gift
मंडला के अंजनिया में 30 बिस्तरों का अस्पताल शुरू (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : May 5, 2026 at 6:20 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

मंडला : मध्य प्रदेश के आदिवासी बेल्ट से अक्सर सुनने को मिलता है यहां स्वास्थ्य सुविधाएं न के बराबर हैं. बिछिया विकासखंड का अंजनिया लंबे समय से स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी से जूझ रहा था. लेकिन अब यहां सारी कमी की भरपाई करते हुए सरकार ने बड़ी सौगात दी है. अंजनिया में 30 बिस्तरों वाले नवीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन का लोकार्पण किया गया. लोगों को अब बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं अपने ही इलाके में मिल सकेंगी.

अब इलाज के लिए मंडला जाने की जरूरत नहीं

अब तक अंजनिया और आसपास के ग्रामीणों को इलाज के लिए करीब 20 किलोमीटर दूर मंडला जिला अस्पताल जाना पड़ता था. समय पर इलाज न मिल पाने के कारण कई बार मरीजों की स्थिति गंभीर हो जाती थी. बरसात और आपातकालीन परिस्थितियों में यह दूरी लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन जाती थी, लेकिन अब इस नए 30 बिस्तरों वाले स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से लोगों में खुशी की लहर है. लोगों का कहना है कि यह उनकी वर्षों पुरानी मांग थी, जो आज पूरी हो गई है.

कैबिनेट मंत्री संपतिया ऊईके (ETV BHARAT)

अंजनिया अस्पताल में मिलेगा बेहतर इलाज

कैबिनेट मंत्री संपतिया ऊईके ने अस्पताल का शुभारंभ करने के बाद कहा "मंडला विधानसभा क्षेत्र में दो और बिछिया विधानसभा क्षेत्र में एक नए स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण किया है. अंजनिया जैसे बड़े क्षेत्र के लिए यह केंद्र बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा. अब यहां पहले के मुकाबले ज्यादा डॉक्टर उपलब्ध रहेंगे और जल्द ही रेडियोलॉजिस्ट की सुविधा भी शुरू करने की योजना है, जिससे मरीजों को बेहतर इलाज मिल सकेगा." स्थानीय विधायक नारायण सिंह पट्टा ने कहा "आप सब देख रहे है अंजनिया सामुदायिक केंद्र की स्वीकृति कांग्रेस की सरकार के समय मिली थी. आज भवन बनकर तैयार हुआ और जिसका लोकार्पण हुआ."

Mandla Villages hospitals gift
अंजनिया में 30 बिस्तरों के अस्पताल का शुभारंभ (ETV BHARAT)

दवाओं व डॉक्टर्स की कमी पर चिंता जताई

विधायक नारायण सिंह पट्टा ने चिंता जाहिर करते हुए कहा "भवन बनकर तैयार है लेकिन कुछ कमियां हैं, कैसे विस्तार होगा, दवाओं व डॉक्टर की कमी है. इनकी पूर्ति करना हम जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है." पूर्व केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा "सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अंजनिया 30 बिस्तरों का अस्पताल है. राज्य सरकार की तरफ से पूरा साजो सामान आना बाकी है, यहां के लोगों की बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिलेंगी. अंजनिया के अलावा मधपुरी और हिर्दयनगर में भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया गया है."