मंडला में भीषण हादसा, अज्ञात वाहन ने बाइक सवारों को उड़ाया, 3 की मौत
मंडला में अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन लोगों को मारी जोरदार टक्कर, तीनों की मौके पर मौत, ग्रामीणों ने जताया आक्रोश.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : June 3, 2026 at 9:44 AM IST
|Updated : June 3, 2026 at 10:13 AM IST
मंडला: नादिया तिराहे पर मंगलवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. टक्कर मारने के बाद वाहन चालक बिजली का खंभा तोड़ते हुए वाहन लेकर भाग गया. हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है. वहीं ग्रामीणों में भारी आक्रोश भी देखने को मिला. पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच पड़ताल शुरु कर दी है.
अज्ञात वाहन ने बाइक सवारों को मारी टक्कर
मंडला जिले के नादिया तिराहा में हुए इस दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां पल भर में छीन लीं. जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोगों को पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान उमेश सिंगोर (उम्र लगभग 42 वर्ष निवासी नांदिया), भुवन लाल सिंगोर (उम्र लगभग 36 वर्ष निवासी नांदिया) तथा मुन्ना भांवरे (उम्र लगभग 50 वर्ष निवासी पेटेगांव) के रूप में हुई है.
ग्रामीणों ने जताई नाराजगी, कार्रवाई की मांग
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और शवों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया. जहां पोस्टमार्टम के उपरांत शवों को परिजनों को सौंप दिया जाएगा. हादसे की खबर मिलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए. अपने गांव के लोगों की असमय मौत से ग्रामीणों में गहरा दुख और आक्रोश दिखाई दिया. लोगों ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए.

- काल बनकर सामने से आया तेज रफ्तार ट्रक, ई रिक्शा में सवार 3 लोगों की मौके पर मौत, 4 घायल
- बाइक की टक्कर से हवा में उड़ा साइकिल सवार, 20 फीट दूर गिरकर मौत, देखें दर्दनाक वीडियो
- मैहर में भीषण सड़क हादसा, ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, 3 की मौत, 25 घायल
सड़क सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
प्रशासन और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला तथा शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से जांच की जा रही है. नादिया तिराहा पर हुआ यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है. तीन परिवारों के सिर से अपनों का साया उठ गया है.
मौके पर पहुंचे तहसीलदार हीरा लाल तिवारी ने बताया कि, ''नादिया तिराहा के पास किसी अज्ञात भारी वाहन ने मोटर साइकिल सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी. जिससे उन तीनों की मौके पर ही मौत हो गई है. जिनकी पहचान कर उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है. वहीं अज्ञात वाहन की पतासाजी की जा रही है.''

