कान्हा के जंगलों में मौतों का रहस्य! लगातार दो दिन मिले महिला और पुरुष के कंकाल
मंडला स्थित कान्हा नेशनल पार्क के जंगलों में 2 कंकाल मिलने से दहशत, 2 महीने पुराना बताया जा रहा पुरुष कंकाल, जांच में जुटी पुलिस.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : January 9, 2026 at 9:47 AM IST
|Updated : January 9, 2026 at 10:22 AM IST
मंडला: कान्हा नेशनल पार्क से लगे जंगलों में लगातार दूसरे दिन कंकाल मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है. थाना खटिया अंतर्गत चौकी टाटरी के सुरपाठी जंगल में गुरुवार को एक 65 वर्षीय पुरुष का नर कंकाल पेड़ पर लटका हुआ पाया गया. मृतक की पहचान नैन सिंह मरावी के रूप में की गई है. परिजन के अनुसार, नैन सिंह मरावी करीब दो माह पूर्व घर से जंगल जाने की बात कहकर निकले थे. जिसके बाद वह वापस नहीं लौटे. इस संबंध में परिजन ने चौकी टाटरी में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी.
जंगल में मिला बुजुर्ग का कंकाल
गुरुवार को पुलिस को सूचना मिली की जंगल में पेड़ पर कंकाल लटक रहा है. सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस और परिजन पहुंचे. परिजन ने कपड़ों के आधार पर शव की पहचान की. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शव काफी पुराना है तथा पैर के हिस्से को जंगली जानवरों ने नोच लिया था. पुलिस द्वारा कंकाल को पोस्टमार्टम एवं विस्तृत जांच के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज भेजे जाने की प्रक्रिया की जा रही है. मामले की जांच जारी है.
एसडीओपी नैनपुर मनीष राज ने बताया कि, ''थाना खटिया पुलिस को सूचना मिली थी कि जंगल के अंदर वखरा पहाड़ी के पास पेड़ पर बॉडी लटकी दिख रही है. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो पेड़ पर शव लटका देखा, जो लगभग दो महीने पुराना समझ आ रहा है. मृतक की पहचान नेने सिंह मरावी के रूप में है. अपर बॉडी बहुत ज्यादा डीकंपोज हो गई थी. लोअर पार्ट को जानवरों ने खा लिया. फॉरेंसिक टीम से पोस्टमार्टम करा रहे हैं.''
- बड़वानी में मिला अज्ञात नरकंकाल, सामान से पुलिस लगा रही शव का पता
- सिंगरौली के जंगल में लटकता मिला नर कंकाल, बहन के घर से मिसिंग युवक की मिस्ट्री में ट्विस्ट
- बांधवगढ़ में जहां से हाथी पार करते थे नदी, उसी रास्ते में मिला बच्चे का कंकाल
रेत में दबा मिला महिला का शव
बुधवार को कान्हा नेशनल पार्क में एक बैगा महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी. जानकारी के अनुसार, शव की पहचान लसरी टोला गांव की निवासी पोटका बाई के रूप में हुई थी. महिला का आधा शव रेत में दबा हुआ मिला है. बताया जा रहा है कि मृतका कई दिनों से लापता थी. उसका शव कन्हार नदी के पास पाया गया था. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरु कर दी है. हत्या या किसी अन्य कारण से मौत की आशंका जताई जा रही है.
कपड़ों से हुई लापता शख्स की पहचान
नेने सिंह के भाई कूबर सिंह ने बताया कि, ''मेरा भाई लगभग 2 महीनों से लापता था, जिसकी सूचना हमारे द्वारा टाटरी चौकी में दर्ज कराई गई थी. हमको गुरुवार को ही जानकारी मिली कि, सुरपाठी के जंगल में पेड़ से कोई शव लटका हुआ है. हमने मौके पर जाकर कपड़ों के माध्यम से नेने सिंह की पहचान की है.'' लगातार दो दिनों में कंकाल मिलने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है. पुलिस दोनों मामलों को आपस में जोड़कर जांच कर रही है.

