पाइप लाइन में पानी नहीं, कान्हा में बाहरी लोगों का दबदबा, आदिवासियों की समस्याएं सुन चौंके दिग्विजय
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पहुंचे कान्हा नेशनल पार्क, आदिवासियों ने समस्याओं से कराया अवगत, पानी और रोजगार को तरस रहे आदिवासी.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : March 2, 2026 at 11:39 AM IST
|Updated : March 2, 2026 at 11:53 AM IST
रिपोर्ट: अमित चौरसिया
मंडला: राज्यसभा सांसद एवं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने दिग्विजय सिंह ने रविवार को मंडला के कान्हा राष्ट्रीय उद्यान का दौरा किया. अपने प्रवास के दौरान उन्होंने मंडला के खटिया गांव में स्थित आर्ट गैलरी का निरीक्षण किया और स्थानीय कला एवं संस्कृति को सराहा. इस अवसर पर वे कान्हा राष्ट्रीय उद्यान के आसपास की ग्राम पंचायतों के मुखियाओं से भी मिले. बैठक में क्षेत्रीय विकास, मूलभूत सुविधाओं और जनसमस्याओं पर गंभीर चर्चा की गई. दौरे के दौरान उन्होंने बैगा समुदाय की प्रतिमा का विधिवत अनावरण कर आदिवासी संस्कृति के सम्मान का संदेश दिया.
दिग्विजय सिंह ने सुनी आदिवासियों की समस्याएं
दिग्विजय सिंह ने ग्राम बोडाछापरी में ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं. ग्रामीणों ने क्षेत्र में व्याप्त बेरोजगारी की समस्या को प्रमुखता से उठाया. उनका कहना था कि, कान्हा नेशनल पार्क में कार्यरत अधिकांश गाइड बाहरी क्षेत्रों से हैं, जबकि स्थानीय युवाओं को अवसर नहीं मिल पा रहा है. साथ ही, भूमि विक्रय के मामलों में भी बाहरी व्यक्तियों को प्राथमिकता दिए जाने की बात सामने आई. कुछ लोगों को वनभूमि का पट्टा प्राप्त हुआ है, जबकि अनेक पात्र परिवार अब भी प्रतीक्षा में हैं. ग्रामीणों ने पेयजल संकट को भी अत्यंत गंभीर बताया और शीघ्र समाधान की मांग की. इन सभी मुद्दों से अवगत कराते हुए क्षेत्रवासियों ने जनप्रतिनिधि से ठोस पहल की अपेक्षा जताई.
बाहरी लोगों को मिल रहा लाभ
इस दौरान दिग्विजय सिंह ने कहा कि, ''मंडला विधानसभा की विधायक पीएचई विभाग की मंत्री है. मोर्चा पंचायत में पाइप लाइन तो डाल चुकी हैं, लेकिन पानी नहीं है. टंकी बन गई लेकिन पानी नहीं है, सिर्फ एक गांव बोड़ाचपरी में जहां ग्रामीणों ने पैसा एकत्रित किया वहां पानी की सप्लाई चालू की. यहां बाहर के लोग रिसोर्ट खोल रहे हैं. बाहर के लोग जिप्सी चला रहे हैं. बाहर के लोगों को गाइड के लिए लिया गया है. उनकी समस्याओं को संबंधित स्तर पर उठाया जाएगा और समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे.''

- बूंद बूंद पानी को मोहताज डिंडोरी के ग्रामीण, 2008 में दूषित पानी से 11 लोगों की हुई थी मौत
- पन्ना के प्यासे गांव की दर्दभरी कहानी! जंगल में बाघ हैं, लेकिन 2 किमी चल ढोया जा रहा पानी
- मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में 24 गांव रेड जोन में, पाताल में जा रहा पानी, दिसंबर से ही जल संकट

दिग्विजय सिंह ने जनता से रूबरू होने के बाद कहा कि, ''कान्हा के क्षेत्र के लोगों को जो लाभ मिलना चाहिए वह लाभ उन्हें नहीं मिल रहा है. उदाहरण के लिए 15 गाइड की परीक्षा ली गई, लेकिन उनकी नियुक्ति अभी तक नहीं हुई. क्या कारण है कि यहां पर अधिकांश जिप्सी स्थानीय लोगों की नहीं है, बाहर के लोगों की है. बैगा लोगों को परेशान किया जा रहा है. ध्यान देना चाहिए की पैसा कानून में कोई भी मुकदमा दर्ज होता है तो उसकी तत्काल जानकारी ग्राम पंचायत में पहुंचना चाहिए.''

