ETV Bharat / state

मंडला में भी शीतलहर व घना कोहरा, शहर हो या गांव अलाव के सहारे ठंड से मुकाबला

मध्य प्रदेश के अधिकांश जिलों में भीषण ठंड के साथ कोहरे का कहर. मंडला में भी पारा गोता लगा रहा. दिन में कांप रहे लोग.

Mandla Cold Wave Dense Fog
शहर हो या गांव अलाव के सहारे ठंड से मुकाबला (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : January 7, 2026 at 1:40 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

मंडला : पूरे जिले में कड़ाके की ठंड ने जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है. लगातार गिरते तापमान और घने कोहरे के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. बुधवार सुबह काफी घना कोहरा छाया रहा. हालत ये रही कि 10 फीट आगे भी सुबह कुछ कुछ देख पाना मुश्किल हो गया.

ठंड का असर इतना ज्यादा है कि आमजन खुद को अलाव के सहारे हैं. शहर के प्रमुख चौराहों और ग्रामीण इलाकों में जगह-जगह लोग अलाव जलाकर ठंड से राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं.

मंडला में भी शीतलहर व घना कोहरा (ETV BHARAT)

सड़कों पर वाहनों की आवाजाही घटी

तेज ठंड और कोहरे का सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों पर देखने को मिल रहा है. सुबह के समय स्कूल जाने वाले बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. अभिभावक बच्चों की सेहत को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं. सुबह का नज़ारा ऐसा प्रतीत हो रहा था, मानो समय का पहिया थम सा गया हो.

सड़कों पर आवाजाही कम हो गई. वाहन चालक भी बेहद सतर्कता के साथ सफर करते रहे. मंडला जिले में रविवार सुबह न्यूनतम तापमान में बीते दिन के मुकाबले 1.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, जिससे तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया.

स्कूली बच्चों की सबसे ज्यादा दिक्कत

स्कूली छात्र आरव चौरसिया का कहना है "पूरी ठंड के दौरान स्कूल बंद होने चाहिए. सुबह से स्कूल जाने में बहुत दिक्कत होती है." वहीं, बस स्टैंड पर हमाली का काम करने वाले हरि काका का कहना है "इस साल कुछ ज्यादा ठंड पड़ रही है. सुबह 4 बजे से बस स्टैंड पर लोगों का आना-जाना बढ़ जाता है. लेकिन अलाव के लिए जो लकड़ियां रखी गई हैं, वे गीली हैं. लोग अपने स्तर पर इंतजाम करके अलाव जला रहे हैं."

कान्हा नेशनल पार्क में घटे पर्यटक

जिले में सबसे कम न्यूनतम तापमान कान्हा नेशनल पार्क के फेन अभ्यारण्य के बम्हनी मट्टा में 6.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. कान्हा के अन्य क्षेत्रों में भी ठंड का असर रहा. पर्यटक भी कम ही आ रहे हैं. कान्हा रेंज और भिलवानी में 8 डिग्री, किसली में 6 डिग्री, सूपखार में 7 डिग्री और मुक्की में 5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार उत्तर पश्चिम भारत के ऊपर बह रही जेट स्ट्रीम हवाएं इस भीषण ठंड की मुख्य वजह है.

मंडला जिले में पारे की चाल

  • जनवरी 04 : न्यूनतम 04..2°C, अधिकतम 22.0°C
  • जनवरी 03 : न्यूनतम 08.9°C, अधिकतम 24.0°C
  • जनवरी 02 : न्यूनतम 10.1°C, अधिकतम 27.0°C
  • जनवरी 01 : न्यूनतम 08.2°C, अधिकतम 28.0°C
  • दिसंबर 31 : न्यूनतम 06.3°C, अधिकतम 29.0°C
  • दिसंबर 30 : न्यूनतम 05.0°C, अधिकतम 29.3°C
  • दिसंबर 29 : न्यूनतम 05.8°C, अधिकतम 27.5°C
  • दिसंबर 28 : न्यूनतम 06.0°C, अधिकतम 26.0°C
  • दिसंबर 27 : न्यूनतम 07.0°C, अधिकतम 25.8°C
  • दिसंबर 26 : न्यूनतम 08.5°C, अधिकतम 25.6°C