उप-प्रधान पर लगे महिला से दुष्कर्म करने के आरोप, पुलिस में मामला दर्ज
उप-प्रधान पर महिला से दुष्कर्म के आरोप लगे हैं. महिला का आरोप है कि आरोपी उसे ब्लैकमेल भी कर रहा था.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : June 29, 2026 at 7:59 PM IST
मंडी: जिला के सुंदरनगर क्षेत्र में पंचायत चुनावों के परिणाम आए अभी एक महीना भी नहीं बीता है कि एक नवनिर्वाचित उपप्रधान पर कई गंभीर आरोप लगे हैं. थाना बीएसएल कॉलोनी क्षेत्र की एक पंचायत के नवनिर्वाचित उपप्रधान के खिलाफ एक महिला की शिकायत पर दुष्कर्म, पीछा करने, अश्लील हरकतें करने और परिवार को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस को दी गई शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपी उपप्रधान लंबे समय से उसके संपर्क में था. कुछ समय बाद उसने उसे लगातार परेशान करना शुरू कर दिया और कथित तौर पर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए. महिला का कहना है कि इसके बाद आरोपी लगातार फोन कर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा. महिला ने शिकायत में आरोप लगाया है कि जब उसने आरोपी की हरकतों का विरोध किया तो उसने उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया. शिकायत के अनुसार आरोपी उसे समाज में बदनाम करने और उसकी तस्वीरों के बड़े-बड़े फ्लैक्स सार्वजनिक स्थानों पर लगाने की धमकी देता था.
पति और बेटे को जान से मारने की धमकी देने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसके पति और बेटे को भी जान से मारने की धमकी दी. साथ ही वो लगातार उसका पीछा करता रहा और उसके साथ अभद्र एवं अश्लील भाषा का प्रयोग करता था. महिला का कहना है कि इन घटनाओं के कारण उसका पूरा परिवार भय और मानसिक तनाव में जीवन व्यतीत कर रहा है.
पुलिस ने दर्ज किया मामला
महिला की शिकायत के आधार पर थाना बीएसएल कॉलोनी पुलिस ने उप-प्रधान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1) (दुष्कर्म), 78 (पीछा करना), 352, 351(2) (आपराधिक धमकी) तथा 333 के तहत मामला दर्ज किया है. जिला पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और मामले के प्रत्येक पहलू की गहनता से जांच की जा रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

