ETV Bharat / state

मंडी में किराये के कमरे से पति-पत्नी कर रहे थे गैरकानूनी काम, दोनों गिरफ्तार

मंडी में एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई. जेल रोड परमार कॉलोनी में किराये के कमरे से 20 ग्राम चिट्टा के साथ दंपति गिरफ्तार.

गिरफ्तार पति-पत्नी
गिरफ्तार पति-पत्नी (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : June 23, 2026 at 5:02 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

मंडी: हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसटीएफ मंडी रेंज को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है. मंडी शहर के जेल रोड स्थित परमार कॉलोनी में किराये के कमरे में रह रहे एक दंपति को पुलिस ने 20 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है.

जानकारी के अनुसार एसटीएफ मंडी रेंज को गुप्त सूचना मिली थी कि जेल रोड क्षेत्र की परमार कॉलोनी में किराये पर रह रहा एक दंपति नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए एएसआई भानू प्रताप के नेतृत्व में एसटीएफ की टीम का गठन किया गया. टीम ने सोमवार दोपहर करीब तीन बजे संबंधित रिहायशी मकान में दबिश दी. पुलिस टीम के अचानक पहुंचने पर दंपति घबरा गया. इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार कमरे की तलाशी ली. तलाशी के दौरान कमरे से 20 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया. बरामदगी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया.

आरोपी दंपति की हुई पहचान

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मंडी जिला के कोटली क्षेत्र के खलाणू निवासी 33 वर्षीय प्रवीण और उसकी पत्नी सपना के रूप में हुई है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों कुछ समय से मंडी शहर में किराये का कमरा लेकर रह रहे थे. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी चिट्टा कहां से लाते थे और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जा रहा था.

नशा तस्करी के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

एसटीएफ और जिला पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है. इसके अलावा इस बात की भी पड़ताल की जा रही है कि कहीं इनके संबंध किसी बड़े नशा तस्करी नेटवर्क से तो नहीं जुड़े हैं. पुलिस मोबाइल फोन, संपर्क सूत्रों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है. पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है. युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए ऐसी कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी और कानून तोड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.

ये भी पढ़ें: वीरभद्र सिंह को जयंती पर शिमला में दी गई श्रद्धांजलि, जानें 'राजा साहब' के बारे में क्या बोले सीएम सुक्खू