ETV Bharat / state

सरस मेला रहा सुपरहिट, 10 दिनों में रिकॉर्ड बिक्री, जानें कितने का हुआ कारोबार

मेले में स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) द्वारा लगाए गए स्टॉल लोगों के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहे.

SARAS MELA MANDI 2026
सरस मेला मंडी 2026 (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : February 27, 2026 at 7:15 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

मंडी: इंदिरा मार्केट मंडी में 16 से 25 फरवरी तक आयोजित सरस मेला इस बार कई मायनों में खास रहा. दस दिनों तक चले इस मेले में 2.01 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की गई, जो अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है. हर दिन बड़ी संख्या में लोग मेले में पहुंचे और स्थानीय उत्पादों की जमकर खरीदारी की. यह मेला न केवल व्यापार के लिहाज से सफल रहा, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए भी मजबूत संदेश लेकर आया.

मेले में स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) द्वारा लगाए गए स्टॉल लोगों के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहे. महिलाओं और ग्रामीण कारीगरों ने अपने हाथों से बने उत्पादों को प्रदर्शित किया. हैंडलूम, हस्तशिल्प, फूड प्रोसेसिंग और पारंपरिक वस्तुओं की खूब बिक्री हुई. इससे साफ है कि लोग अब स्थानीय और देसी उत्पादों को ज्यादा पसंद कर रहे हैं.

फूड स्टॉलों पर उमड़ी भीड़

सरस मेले में हिमाचली और अन्य राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों ने भी लोगों का ध्यान खींचा. फूड स्टॉलों पर पूरे दिन भीड़ बनी रही. स्थानीय स्वाद और पारंपरिक पकवानों का आनंद लेने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंचे. इससे मेले का माहौल और भी जीवंत हो गया. इस वर्ष मेले में कुल 97 स्टॉल लगाए गए थे. इनमें हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ अन्य राज्यों से आए स्वयं सहायता समूहों ने भी भाग लिया. यह मेला ग्रामीण महिलाओं और कारीगरों के लिए आय का बड़ा साधन साबित हुआ. साथ ही उनके उत्पादों को नई पहचान और बड़ा बाजार भी मिला.

प्रशासन ने सराहा प्रयास

मेले की सफलता पर उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने ग्रामीण विकास विभाग और आयोजन से जुड़े सभी अधिकारियों की सराहना की. उन्होंने कहा कि 2.01 करोड़ रुपये की बिक्री यह दिखाती है कि लोगों का भरोसा स्थानीय उत्पादों पर बढ़ रहा है. भविष्य में ऐसे आयोजनों को और बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा.

प्रतिभागियों को किया सम्मानित

मेले के अंतिम दिन जिला विकास अधिकारी गोपी चंद पाठक ने सभी स्वयं सहायता समूहों और स्टॉल संचालकों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया. उन्होंने कहा कि ऐसे मेले ग्रामीण प्रतिभा और महिला उद्यमिता को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं.

ये भी पढे़ं: जली बीड़ी के टुकड़े और DNA सैंपल से पकड़ा गया अग्निकांड का आरोपी, भोरंज पुलिस ने किया बड़ा खुलासा