ETV Bharat / state

अनियंत्रित होकर हाईवे से खेत में घुसकर पलटी थार, 8 प्रशिक्षु डॉक्टर घायल

सभी 8 प्रशिक्षु डॉक्टर काम से जोगिंद्रनगर आए थे, लेकिन रास्ते में चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया.

पठानकोट-मंडी हाईवे से खेतों में जाकर पलटी थार
पठानकोट-मंडी हाईवे से खेतों में जाकर पलटी थार (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : August 22, 2026 at 1:54 PM IST

|

Updated : August 22, 2026 at 2:07 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

मंडी: जोगिंद्रनगर के समीप पठानकोट-मंडी हाईवे पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. यहां एक थार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेतों में जा पलटी. हादसे में वाहन सवार आठ लोग घायल हुए हैं और ये सबी आयुर्वेदिक अस्पताल पपरोला के प्रशिक्षु चिकित्सक हैं. इनमें से पांच को जोगिंद्रनगर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि तीन घायलों की हालत को देखते हुए उन्हें आगे के उपचार के लिए पालमपुर रेफर किया गया है.

जानकारी के अनुसार हादसा देर रात करीब 3 बजे हुआ. बताया जा रहा है कि सभी प्रशिक्षु चिकित्सक किसी कार्य से जोगिंद्रनगर आए हुए थे और थार में सवार होकर वापस पपरोला की ओर लौट रहे थे. इसी दौरान मंडी-पठानकोट हाईवे पर चालक ने गाड़ी से अपना नियंत्रण खो दिया. देखते ही देखते थार सड़क से नीचे खेतों में जा पलटी और कुछ दूरी पर जाकर रुक गई. हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. इस दौरान स्थानीय लोगों ने वाहन में फंसे और घायल प्रशिक्षु चिकित्सकों को बाहर निकालने में मदद की. हादसे के दौरान सड़क किनारे पार्क की गई एक स्कूटी भी थार की चपेट में आ गई, जिससे उसे भी नुकसान पहुंचा है.

पांच को अस्पताल से मिली छुट्टी

घटना की सूचना मिलते ही जोगिंद्रनगर पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को उपचार के लिए जोगिंद्रनगर अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया. पांच घायलों की स्थिति में सुधार होने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि तीन को बेहतर उपचार के लिए पालमपुर भेजा गया.

घायलों की पहचान

हादसे में घायल प्रशिक्षु चिकित्सकों में अलग-अलग जिलों और राज्यों के युवक-युवतियां शामिल हैं. घायलों की पहचान 25 वर्षीय रोहित निवासी पांगणा, 25 वर्षीय अंकिता धीमान निवासी लंबागांव, जयसिंहपुर, 23 वर्षीय निकिता निवासी शिमला, 25 वर्षीय सुनीता सेपट निवासी जयपुर, 23 वर्षीय अकन्या निवासी ऊना, 24 वर्षीय धर्मेंद्र कुमार निवासी कांडा, करसोग और 23 वर्षीय शुभम निवासी बैजनाथ के रूप में हुई है.

हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

देर रात हुए इस हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा. स्थानीय लोगों की तत्परता से घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया गया. एसपी मंडी विनोद कुमार ने कहा कि पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक तौर पर वाहन के अचानक अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, लेकिन दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें: शिमला में बैंक खाते से 16 लाख रुपये की ठगी, पुलिस ने आरोपी को दिल्ली से दबोचा

Last Updated : August 22, 2026 at 2:07 PM IST